अब बेहोश होने से पहले ही आपको अलर्ट कर सकती है सैमसंग की स्मार्टवॉच। कंपनी ने दावा किया है कि Samsung Galaxy Watch6 एक खास हेल्थ फीचर की मदद से इंसान के बेहोश होने यानी फेंटिंग के संकेत करीब 5 मिनट पहले पहचान सकती है।

सैमसंग ने यह दावा एक क्लीनिकल स्टडी के आधार पर किया है, जिसमें दक्षिण कोरिया के Chung-Ang University Gwangmyeong Hospital के साथ मिलकर रिसर्च की गई। इस रिसर्च में Galaxy Watch6 के PPG सेंसर और AI एल्गोरिद्म का इस्तेमाल किया गया, जो हार्ट रेट और Heart Rate Variability (HRV) में होने वाले बदलावों को ट्रैक करता है।


कंपनी के मुताबिक यह तकनीक Vasovagal Syncope (VVS) नाम की स्थिति को पहचानने में मदद करती है। यह ऐसी स्थिति होती है जिसमें अचानक ब्लड प्रेशर और हार्ट रेट गिरने से इंसान बेहोश हो सकता है। रिसर्च में दावा किया गया कि वॉच लगभग 84.6% तक सटीकता के साथ फेंटिंग का अंदेशा पहले ही पकड़ने में सफल रही।


अगर भविष्य में यह फीचर आम यूजर्स के लिए जारी होता है, तो वॉच बेहोश होने से पहले अलर्ट भेज सकती है ताकि यूजर बैठ जाए, सुरक्षित जगह पर पहुंच जाए या किसी को मदद के लिए कॉल कर सके। इससे गिरने और चोट लगने का खतरा काफी कम हो सकता है।


फिलहाल यह फीचर रिसर्च स्टेज में है और अभी किसी Galaxy Watch में आधिकारिक तौर पर उपलब्ध नहीं कराया गया है। हालांकि सैमसंग का कहना है कि आने वाले समय में स्मार्टवॉच को सिर्फ फिटनेस ट्रैकर नहीं, बल्कि “preventive healthcare device” बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।