आरक्षण हटाओ की मुहिम पर क्या बोले केंद्रीय मंत्री | Source: Abp News

आरक्षण हटाओ की मुहिम पर क्या बोले केंद्रीय मंत्री Source : Abp News

नई दिल्ली: देश भर में चल रहे CJP आंदोलन और सोशल मीडिया पर अचानक जोर पकड़ रहे ‘आरक्षण हटाओ’ अभियान के बीच केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने आरक्षण के मुद्दे पर बेहद कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि केंद्र की एनडीए (NDA) सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसी भी हाल में आरक्षण खत्म करने के पक्षधर नहीं हैं। अठावले ने कहा कि आरक्षण को लेकर चलाई जा रही यह पूरी मुहिम पूरी तरह से भ्रामक है और सरकार ऐसे किसी भी विचार का समर्थन नहीं करती। उन्होंने इसे समाज को आपस में बांटने की एक नाकाम कोशिश करार दिया।

CJP आंदोलन की आड़ में ‘आरक्षण हटाओ’ कैंपेन पर दागे सवाल

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि पिछले कुछ दिनों से CJP आंदोलन का सहारा लेकर कुछ लोग बेवजह सरकार की छवि खराब करने की साजिश में लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पर ‘आरक्षण हटाओ’ नाम से एक नफरती और भ्रम फैलाने वाला अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें आरक्षण की सही परिभाषा को नजरअंदाज कर इसे सिर्फ गरीबी से जोड़कर लोगों को गुमराह किया जा रहा है।अठावले ने स्पष्ट किया कि एनडीए सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस तरह की किसी भी मांग या अभियान के सख्त खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी हमेशा से भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के दिखाए रास्ते, उनके विचारों और भारतीय संविधान की मूल भावना को ध्यान में रखकर ही फैसले ले रहे हैं।

‘रिजर्वेशन हटाओ आंदोलन’ की बढ़ती चर्चा

रामदास अठावले की इस कड़ी प्रतिक्रिया के बीच सोशल मीडिया पर ‘रिजर्वेशन हटाओ आंदोलन’ को लेकर भी गहमागहमी काफी बढ़ गई है। खुद को गैर-राजनीतिक बताने वाला यह ग्रुप देश से जाति आधारित आरक्षण को पूरी तरह खत्म करने की वकालत कर रहा है। पिछले कुछ हफ्तों में इस मुहिम को सोशल मीडिया पर काफी अटेंशन मिला है और दावा किया जा रहा है कि इनके इंस्टाग्राम हैंडल से लाखों युवा जुड़ चुके हैं। यह पूरा मामला तब और ज्यादा तूल पकड़ गया जब CJP के झंडे तले देश भर के छात्र सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे थे।

‘आरक्षण हमारा संवैधानिक अधिकार, इसे कोई छीन नहीं सकता’

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने तल्ख तेवर अपनाते हुए कहा कि कुछ असामाजिक तत्व युवाओं के कंधों पर बंदूक रखकर देश का माहौल बिगाड़ना चाहते हैं, लेकिन वे एक बात अच्छी तरह समझ लें कि “किसी का बाप भी हमारे आरक्षण के अधिकार को खत्म नहीं कर सकता।” उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर किसी ने भी आरक्षण के हक पर उंगली उठाने की जुर्रत की, तो उसे संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।अठावले ने याद दिलाया कि आरक्षण बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा संविधान के जरिए दिया गया एक मजबूत अधिकार है और इसे खत्म करने की मांग नई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि इस संवैधानिक अधिकार को बचाने के लिए पीढ़ियों से लंबी लड़ाई लड़ी गई है और आगे भी इसे पूरी ताकत के साथ सुरक्षित रखा जाएगा।