बिहार के मधुबनी जिले में पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि डायल 112 की पुलिस टीम गांजा तस्करों को सुरक्षित रास्ता दिखाकर उनकी गाड़ी को एस्कॉर्ट कर रही थी। पटना एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए पुलिस की गाड़ी और तस्करों की पिकअप वैन को पकड़ लिया।


एसटीएफ ने रंगे हाथों पकड़ा

जानकारी के अनुसार, एसटीएफ को सूचना मिली थी कि नेपाल से बड़ी मात्रा में गांजा बिहार लाया जा रहा है। टीम ने बासोपट्टी इलाके में घेराबंदी की। इसी दौरान एक पिकअप वैन के आगे डायल 112 की पुलिस गाड़ी चलती दिखाई दी। एसटीएफ ने दोनों वाहनों को रोककर जांच की।


4.19 क्विंटल गांजा बरामद

जांच में पिकअप वैन से 4 क्विंटल 19 किलो गांजा बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि यह खेप नेपाल से वैशाली ले जाई जा रही थी। मौके से तस्करों के साथ चार पुलिसकर्मियों को भी हिरासत में लिया गया।


थानाध्यक्ष और दारोगा सस्पेंड

मामले के सामने आने के बाद मधुबनी एसपी ने बासोपट्टी थानाध्यक्ष विकास कुमार और डायल 112 पर तैनात दारोगा हीरा पंडित को तत्काल निलंबित कर दिया है। सभी आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर


जांच शुरू कर दी गई है।

पूरे मामले की जांच जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तस्करों और पुलिसकर्मियों के बीच संभावित सांठगांठ की गहराई से जांच की जा रही है। इस खुलासे के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया हैl