Nepal Curfew News: नेपाल में कर्फ्यू के बाद भारत-नेपाल बॉर्डर पर हाई अलर्ट, इंडो-नेपाल रेल सेवा भी बंद | Source: Abp news.comNepal Curfew News: नेपाल में सांप्रदायिक हिंसा के बाद कई इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। इसके बाद भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मधुबनी पुलिस और एसएसबी ने सीमावर्ती इलाकों का निरीक्षण कर सतर्कता के निर्देश दिए हैं।

Nepal Curfew News: नेपाल में कर्फ्यू के बाद भारत-नेपाल बॉर्डर पर हाई अलर्ट, इंडो-नेपाल रेल सेवा भी बंदSource : Abp news.com

नेपाल में कांवड़ यात्रा के दौरान हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद कई शहरों में कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। इसके चलते भारत-नेपाल सीमा पर दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। गुरुवार (30 जुलाई 2026) की देर शाम मधुबनी के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (एसपी) शिवम धाकड़ ने एसएसबी, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के साथ सीमावर्ती क्षेत्रों का निरीक्षण किया। वहीं जयनगर से चलने वाली इंडो-नेपाल रेल सेवा भी फिलहाल बंद कर दी गई है।

सीमावर्ती इलाकों में बढ़ाई गई चौकसी

मधुबनी के ग्रामीण एसपी शिवम धाकड़ ने एसएसबी अधिकारियों के साथ लदनियां थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जवानों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि नेपाल के कुछ इलाकों में कर्फ्यू लागू होने के कारण सीमा पार आने-जाने वाले लोगों की गहन जांच की जा रही है। सीमा पर हर गतिविधि पर सुरक्षा एजेंसियां लगातार नजर बनाए हुए हैं।

 पुलिस और एसएसबी को दिए अहम निर्देश

एसपी शिवम धाकड़ ने कहा कि नेपाल की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर विशेष और अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने पुलिस और एसएसबी के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही संयुक्त गश्त और निगरानी अभियान को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। सीमावर्ती इलाकों के लोगों से भी अपील की गई है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत सुरक्षाबलों को दें।

नेपाल पुलिस ने क्या कहा?

नेपाल के पुलिस महानिरीक्षक दान बहादुर कार्की ने कहा कि भारत की सीमा से कुछ शरणार्थी नेपाल में प्रवेश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उनके अनुसार कुछ लोग झुग्गी-झोपड़ियां बनाकर नेपाल में रह रहे हैं, जिनमें रोहिंग्या, बांग्लादेशी, पाकिस्तानी और सोमालिया के नागरिक शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग अराजक गतिविधियों, नशीले पदार्थों की तस्करी और लूटपाट जैसी घटनाओं में शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में खाद तस्करी के मामले में 20 नेपाली नागरिकों को हिरासत में लिया गया है और उन्हें छुड़ाने के लिए राजनयिक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।

 हिंसा के बाद कई इलाकों में लगा कर्फ्यू

बताया गया कि 26 जुलाई को नेपाल के सिरहा जिले के जनकपुरधाम में डीजे बजाने को लेकर विवाद हुआ था। रिपोर्ट के मुताबिक इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। मिथिला की सांस्कृतिक विरासत और राम-जानकी मंदिर के लिए प्रसिद्ध जनकपुरधाम में हुई इस घटना के विरोध में हजारों लोग सड़कों पर उतर आए। इसके बाद नेपाल प्रशासन ने सिरहा, धनुषा, राजबिराज नगरपालिका समेत कई इलाकों में कर्फ्यू लागू कर दिया।