कटरा मुजफ्फरपुर के विद्यालय में शिक्षक पर लगे गंभीर आरोप। | Source: Social media

कटरा मुजफ्फरपुर के विद्यालय में शिक्षक पर लगे गंभीर आरोप।Source : Social media

मुजफ्फरपुर जिले के कटरा प्रखंड स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय यजुआर पश्चिम में तैनात एक शिक्षक पर लगे गंभीर आरोपों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। छात्राओं और अभिभावकों की शिकायत के बाद हुई जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जांच रिपोर्ट जिला शिक्षा विभाग को सौंपे हुए दो महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन आरोपी शिक्षक के खिलाफ अब तक कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया। मामले को लेकर अभिभावकों और ग्रामीणों ने जल्द कार्रवाई की मांग की है।

छात्रा ने लगाया था अश्लील वीडियो दिखाने का आरोप

मामले की शुरुआत 17 जनवरी को हुई थी, जब विद्यालय की एक छात्रा ने लिखित शिकायत देकर शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाए। छात्रा का कहना था कि शिक्षक मोबाइल फोन पर अश्लील वीडियो दिखाते हैं और अनुचित व्यवहार करते हैं। छात्रा ने इस पूरे मामले की जानकारी अपने परिवार को भी दी, जिसके बाद मामला स्कूल और गांव में चर्चा का विषय बन गया।

ग्रामीणों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी से की शिकायत

शिकायत सामने आने के बाद 12 मार्च को विद्यालय प्रबंधन समिति की सदस्य छोटी देवी, मालती देवी समेत कई ग्रामीणों ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवेदन देकर शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिक्षक का व्यवहार लगातार विवादित रहा है और इससे स्कूल का माहौल प्रभावित हो रहा है।

जांच में सही पाए गए आरोप

ग्रामीणों की शिकायत के बाद 21 मार्च को जिला शिक्षा विभाग ने मामले की जांच का जिम्मा कटरा के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को सौंपा। 9 अप्रैल को बीईओ विद्यालय पहुंचे और शिकायतकर्ता छात्रा, अभिभावकों, प्रधानाध्यापक तथा आरोपित शिक्षक से अलग-अलग बातचीत कर मामले की जांच की। इसके बाद 10 अप्रैल को तैयार रिपोर्ट जिला शिक्षा विभाग को भेजी गई। सूत्रों के अनुसार जांच में लगाए गए आरोप सही पाए गए।

रिपोर्ट के बाद भी कार्रवाई में देरी

जांच रिपोर्ट मिलने के करीब एक महीने बाद 9 मई को जिला शिक्षा विभाग की ओर से आरोपित शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा गया। हालांकि इसके बाद भी अब तक किसी प्रकार की अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई है। इसी वजह से स्थानीय लोगों और अभिभावकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

शिक्षा विभाग ने क्या कहा?

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी इंद्र कुमार कर्ण ने बताया कि शिक्षक के खिलाफ शिकायत प्राप्त हुई थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। विभागीय नियमों के अनुसार आगे

की कार्रवाई की जाएगी