भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित और सस्पेंस से भरपूर फ्रैंचाइज़ी 'दृश्यम' का तीसरा चैप्टर यानी 'दृश्यम 3' (Drishyam 3) आज सिनेमाघरों में रिलीज हो चुका है। मलयालम सिनेमा के 'कंप्लीट एक्टर' कहे जाने वाले सुपरस्टार मोहनलाल (Mohanlal) के 65वें जन्मदिन के खास मौके पर रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक ही एक ऐतिहासिक शुरुआत की है।

सुबह के शोज़ शुरू होते ही सिनेमाघरों के बाहर लंबी कतारें देखी गईं और दोपहर तक आते-आते इस फिल्म की रिकॉर्ड तोड़ कमाई और एडवांस बुकिंग के आंकड़ों ने ट्रेड एक्सपर्ट्स को भी हैरान कर दिया है।

ग्लोबल बॉक्स ऑफिस ट्रैकर Sacnilk और अन्य ट्रेड एनालिस्ट्स के मुताबिक, 'दृश्यम 3' ने रिलीज से पहले ही दुनिया भर में ₹30 करोड़ ग्रॉस से ज्यादा की एडवांस बुकिंग कर ली थी। इसमें से केवल भारत से ही ₹10.50 करोड़ से अधिक की एडवांस बुकिंग दर्ज की गई थी, जिसमें सबसे बड़ा योगदान केरल (करीब ₹6.75 करोड़) का रहा।

फिल्म की रिलीज के तुरंत बाद दोपहर में मेकर्स (Pen Movies) ने सोशल मीडिया पर एक पोस्टर जारी कर दर्शकों से अपील की है कि वे फिल्म के सस्पेंस और ट्विस्ट को ऑनलाइन शेयर न करे ताकि बाकी लोग भी इस थ्रिलर का पूरा मजा ले सकें।

सिनेमाघरों में तहलका मचाने के बाद, 'दृश्यम 3' के डिजिटल राइट्स अमेज़न प्राइम वीडियो के पास सुरक्षित हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स 30 से 35 दिनों की थिएट्रीकल विंडो का पालन करेंगे, जिसके चलते यह फिल्म जून के आखिरी हफ्ते या जुलाई 2026 के शुरुआती हफ्ते में ओटीटी पर दस्तक दे सकती है।