फेसबुक की पैरेंट कंपनी मेटा ने अपने नए स्मार्ट ग्लासेस लॉन्च कर दिए हैं। कंपनी ने इन्हें एसिलोर लक्सोटिका (EssilorLuxottica) के साथ साझेदारी में पेश किया है। यूजर्स की पसंद और अलग-अलग फेस शेप को ध्यान में रखते हुए इन स्मार्ट ग्लासेस को तीन खास स्टाइल में उतारा गया है। कंपनी का दावा है कि इनमें डॉक्टर द्वारा बताए गए प्रिस्क्रिप्शन लेंस भी लगाए जा सकते हैं। चश्मों में एडवांस कैमरा, एआई सपोर्ट और लंबी बैटरी लाइफ जैसी कई आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं।

Source : Pinterest
Meta Glasses की कीमत
नए मेटा ग्लासेस की शुरुआती कीमत 299 डॉलर (करीब 25 हजार रुपये) रखी गई है। इन्हें मेटा की आधिकारिक वेबसाइट, अमेजन और विभिन्न रिटेल स्टोर्स से खरीदा जा सकता है। हालांकि भारत में इनकी आधिकारिक कीमत का अभी ऐलान नहीं किया गया है।
Meta Glasses के प्रमुख फीचर्स
मेटा के अनुसार, नए स्मार्ट ग्लासेस को आरामदायक और तकनीकी रूप से उन्नत बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। इनमें नाक पर टिकने वाले पैड्स को तीन अलग-अलग तरीकों से एडजस्ट किया जा सकता है। इन ग्लासेस में एक डेडिकेटेड ‘एक्शन बटन’ दिया गया है, जिसकी मदद से यूजर्स एक क्लिक में Meta AI को एक्टिव कर सकते हैं। साथ ही अपनी जरूरत के अनुसार किसी खास फीचर को भी इस बटन से जोड़ सकते हैं। ग्लासेस में ओपन-ईयर स्पीकर्स दिए गए हैं, जो कानों को पूरी तरह ढके बिना बेहतर ऑडियो अनुभव प्रदान करते हैं। इससे यूजर फोन कॉल, म्यूजिक और पॉडकास्ट सुनने के दौरान भी आसपास के माहौल से जुड़े रह सकते हैं। इसके अलावा एडवांस माइक्रोफोन्स बाहरी शोर को कम करने में मदद करते हैं, जिससे कॉलिंग और वॉयस कमांड्स अधिक स्पष्ट रहती हैं। यूजर्स बिना हाथ लगाए फोटो क्लिक करने और वीडियो रिकॉर्ड करने की सुविधा का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
40 घंटे तक की बैटरी बैकअप
नए मेटा ग्लासेस में पोर्टेबल चार्जिंग केस की मदद से कुल 40 घंटे तक की अतिरिक्त बैटरी लाइफ मिलती है। वहीं, ग्लासेस की इनबिल्ट बैटरी एक बार चार्ज करने पर 8 घंटे से अधिक समय तक चल सकती है।
प्राइवेसी को ध्यान में रखते हुए इनमें विशेष प्राइवेसी इंडिकेटर लाइट्स दी गई हैं, जो आसपास मौजूद लोगों को संकेत देती हैं कि फोटो या वीडियो रिकॉर्डिंग की जा रही है।
Muse Spark AI मॉडल का सपोर्ट
नए मेटा ग्लासेस में कंपनी का ‘म्यूज स्पार्क’ (Muse Spark) एआई मॉडल दिया गया है, जिसे मेटा की सुपरइंटेलिजेंस लैब ने विकसित किया है। यह एआई मॉडल यूजर्स को स्पोर्ट्स से जुड़े रियल-टाइम अपडेट देने के साथ-साथ आसपास के रेस्टोरेंट्स खोजने और अन्य सवालों के अधिक स्मार्ट जवाब देने में सक्षम है।
कंपनी का कहना है कि सॉफ्टवेयर अपडेट्स के जरिए समय-समय पर नए फीचर्स जोड़े जाते रहेंगे। इसके साथ ही ग्लासेस में ‘डायनेमिक फोटो’ फीचर भी शामिल किया जा रहा है। लाइव ट्रांसलेशन सुविधा में हिंदी, जापानी, चीनी और कोरियन समेत 14 नई भाषाओं को जोड़ा गया है।
