
प्रधानमंत्री मोदी के एक वीडियो को मेटा ने भारत में बैन कर दिया था. Source : Zee media
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का GenZ को संबोधित एक वीडियो कुछ समय के लिए भारत में फेसबुक पर उपलब्ध नहीं होने के बाद नया विवाद खड़ा हो गया। वीडियो खोलने पर यूजर्स को संदेश दिखाई दे रहा था कि “कानूनी अनुरोध के कारण यह मीडिया आपके क्षेत्र में उपलब्ध नहीं है।” इससे सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, कुछ घंटों बाद वीडियो फिर से बहाल कर दिया गया। अब Meta ने इस पूरे मामले पर सफाई देते हुए तकनीकी गड़बड़ी को इसकी वजह बताया है और हुई असुविधा के लिए माफी भी मांगी है।
कुछ घंटों तक नहीं दिखा वीडियो, फिर बहाल हुआ एक्सेस
रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का GenZ को संबोधित वीडियो कुछ समय के लिए भारत में फेसबुक पर दिखाई नहीं दे रहा था। वीडियो पर यह संदेश दिख रहा था कि कानूनी अनुरोध के चलते इसे क्षेत्र में उपलब्ध नहीं कराया जा सकता। हालांकि, कुछ ही घंटों बाद वीडियो दोबारा सामान्य रूप से प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो गया, जिसके बाद इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सवाल उठने लगे।
Meta ने तकनीकी गड़बड़ी को बताया वजह
सूत्रों के अनुसार, फेसबुक ने प्रधानमंत्री मोदी की पोस्ट को जानबूझकर ब्लॉक नहीं किया था। कंपनी का कहना है कि यह किसी सरकारी आदेश या कानूनी कार्रवाई का मामला नहीं, बल्कि एक तकनीकी गड़बड़ी थी। इसी वजह से कुछ समय के लिए वीडियो देखने में दिक्कत आई। Meta ने स्वीकार किया कि यह त्रुटि उनकी ओर से हुई थी और इसके लिए माफी भी मांगी है।
विवाद के बाद Meta से जवाब-तलब की तैयारी
इस मामले के सामने आने के बाद सरकार ने पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, संबंधित अधिकारियों से इस तकनीकी गड़बड़ी को लेकर जवाब मांगा जा सकता है। वहीं, भाजपा की ओर से भी इस मुद्दे पर सवाल उठाए गए हैं। हालांकि, Meta ने स्पष्ट किया है कि वीडियो कभी हटाया नहीं गया था और तकनीकी समस्या दूर होते ही उसे सामान्य रूप से सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध करा दिया गया।
