महाराष्ट्र में दो नाबालिग बहनों से दुष्कर्म के आरोप में 65 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार। | Source: Chrome

महाराष्ट्र में दो नाबालिग बहनों से दुष्कर्म के आरोप में 65 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार।Source : BBC

महाराष्ट्र के पिंपरी-चिंचवड़ से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां पड़ोस में रहने वाले 65 वर्षीय व्यक्ति पर दो सगी नाबालिग बहनों के साथ यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ POCSO समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

पड़ोसी पर गंभीर आरोप

पुलिस के अनुसार, आरोपी रमजान बागवान पर 10 वर्षीय बच्ची के साथ करीब डेढ़ महीने के दौरान चार बार और उसकी चार वर्षीय बहन के साथ एक बार दुष्कर्म करने का आरोप है। आरोपी और पीड़ित परिवार एक-दूसरे के पड़ोस में रहते हैं। दोनों परिवार मजदूरी का काम करते हैं।

घर में अकेली थी बच्ची

जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह बड़ी बच्ची स्कूल गई थी और करीब 11 बजे घर लौटी। उस समय उसके माता-पिता, दादा-दादी और अन्य परिजन काम पर जा चुके थे। आरोपी की पत्नी और बेटा भी घर से बाहर थे, जबकि आरोपी घर पर मौजूद था। इसी दौरान बच्ची कपड़े धोने के लिए बाहर निकली तो आरोपी ने आसपास कोई न होने का फायदा उठाया, उसका मुंह दबाकर अपने घर ले गया और कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया।

पड़ोस की महिला बनी अहम गवाह

घटना के दौरान पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने बच्ची को आरोपी के घर जाते देखा। शाम को जब पीड़िता के माता-पिता काम से लौटे तो महिला ने उन्हें पूरी जानकारी दी। इसके बाद मां ने बच्ची से भरोसे में बात की, तब उसने दिन में हुई घटना के बारे में बताया। बच्ची ने यह भी कहा कि आरोपी ने किसी को बताने पर चाकू से जान से मारने की धमकी दी थी।

पुरानी घटनाओं का भी हुआ खुलासा

पूछताछ के दौरान 10 वर्षीय बच्ची ने बताया कि आरोपी मई महीने से उसके साथ कई बार दुष्कर्म कर चुका है। उसने बताया कि पहली घटना मई में हुई थी और उसके बाद तीन अन्य बार भी उसके साथ ऐसा किया गया। यह सुनकर परिवार के लोग हैरान रह गए। इसी दौरान यह भी पता चला कि आरोपी कुछ दिन पहले चार वर्षीय छोटी बहन को भी अपने घर ले गया था और उसके साथ भी दुष्कर्म किया था।

POCSO और एट्रोसिटी एक्ट में केस दर्ज

घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार वाकड पुलिस स्टेशन पहुंचा और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने रमजान बागवान के खिलाफ POCSO Act और SC/ST (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।