Source : The Hindu

Source : The Hindu

जयपुर में हुए थप्पड़ कांड के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) एक बार फिर सुर्खियों में है। प्रदर्शन के दौरान पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके पर हुए हमले के बावजूद संगठन ने पीछे हटने से इनकार कर दिया है। दीपके ने साफ कहा है कि छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर उनकी लड़ाई जारी रहेगी और किसी भी दबाव से आंदोलन नहीं रुकेगा। अब CJP ने इस पूरे विवाद के बाद दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन करने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने 20 जून को होने वाले विरोध प्रदर्शन के लिए दिल्ली पुलिस से अनुमति मांगी है और दावा किया है कि इस आंदोलन में देश के कई हिस्सों से लोग शामिल होंगे। संगठन का मुख्य मुद्दा NEET-UG विवाद, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग है। वहीं, जयपुर की घटना को लेकर लगाए गए आरोपों ने इस आंदोलन को और चर्चा में ला दिया है।

दिल्ली में प्रदर्शन की तैयारी, छात्रों के मुद्दों पर फोकस

CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास के मुताबिक, पार्टी ने प्रदर्शन के लिए सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। पुलिस को कार्यक्रम की रूपरेखा, स्वयंसेवकों की संख्या और अन्य जरूरी जानकारी दे दी गई है। पार्टी का कहना है कि यह प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा और इसमें देश के कई राज्यों से लोग शामिल हो सकते हैं। संगठन NEET-UG विवाद और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है।

जयपुर में क्या हुआ था?

दरअसल, सोमवार को जयपुर के शहीद स्मारक पर NEET पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था की कमियों और बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके पर हमला हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब समर्थक उन्हें अपने कंधों पर उठाए हुए थे, तभी भीड़ में मौजूद एक युवक ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। इसके बाद मौके पर हंगामा मच गया और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया। इस घटना के बाद भी प्रदर्शन जारी रहा और प्रदर्शनकारियों ने पेपर लीक व भ्रष्टाचार के खिलाफ नारेबाजी की।

हमले के बाद क्या बोले अभिजीत दीपके?

घटना के बाद अभिजीत दीपके ने कहा कि वे गांधी और अंबेडकर के विचारों में विश्वास रखते हैं और ऐसे हमलों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने हमले को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया। अब पार्टी की नजर 20 जून को होने वाले दिल्ली प्रदर्शन पर है, जिसे वह अपने राष्ट्रीय अभियान का अगला बड़ा चरण मान रही है।