Twisha Sharma Death Case: भोपाल में ट्विशा शर्मा मौत मामले में CBI ने 636 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है. इसमें पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह पर दहेज की मांग और ट्विशा को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है. चार्जशीट में मौत से पहले ट्विशा की ओर से भेजा गया भावुक मैसेज भी सामने आया है.
Twisha Sharma Death Case:CBI चार्जशीट में ट्विशा के आखिरी मैसेज का खुलासा, मौत से पहले भाभी से कही थी ऐसी बात...Source : Abp news.com
ट्विशा का आखिरी मैसेज बना जांच का अहम हिस्सा
मध्य प्रदेश के भोपाल में ट्विशा शर्मा मौत मामले में CBI ने चार्जशीट दाखिल की है. इसके बाद मामले से जुड़े कई अहम खुलासे हुए हैं. 636 पन्नों की इस चार्जशीट में ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह को आरोपी बनाया गया है.
चार्जशीट में ट्विशा का एक भावुक मैसेज भी सामने आया है, जो उन्होंने मौत से पहले अपनी भाभी को भेजा था. जांच एजेंसी के मुताबिक यह मैसेज मामले की जांच में अहम भूमिका निभा रहा है.
भाभी को भेजा था आखिरी मैसेज
ट्विशा ने मौत से कुछ समय पहले अपनी भाभी को मैसेज भेजा था. रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने लिखा था कि उनसे कह देना कि उनका बचा-खुचा सामान बाद में ले जाएं और फिलहाल उन्हें शांति से मरने दें.
यह भावुक डिजिटल संदेश ट्विशा की मौत से कुछ ही मिनट पहले भेजे जाने की बात सामने आई है. इसके बाद आरोप है कि उन्होंने जिम्नास्टिक की रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
CBI ने चार्जशीट में बताया है कि 12 मई की रात 9:36 बजे ट्विशा की ओर से भेजा गया यह मैसेज जांच का मुख्य केंद्र बन गया. एजेंसी के अनुसार, संदेश से कथित मानसिक प्रताड़ना के आरोपों की जांच में महत्वपूर्ण जानकारी मिली.
फोन से जुटाई जा रही फॉरेंसिक जानकारी
CBI अभी ट्विशा और समर्थ सिंह के मोबाइल फोन से पूरी फॉरेंसिक जानकारी जुटा रही है. इसके अलावा भोपाल में गिरिबाला सिंह के घर लगे CCTV कैमरों के DVR का भी इंतजार किया जा रहा है.
जांच एजेंसी के मुताबिक CCTV फुटेज से 12 मई की घटनाओं को समझने में मदद मिल सकती है. इसी दिन ट्विशा ने जिम्नास्टिक की रस्सी से फांसी लगाकर अपनी जान देने का कदम उठाया था.
पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर परिवार ने जताई थी आपत्ति
ट्विशा की पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर उनके परिवार ने आपत्ति जताई थी. परिवार की ओर से आरोप लगाया गया था कि गिरिबाला सिंह के प्रभाव के कारण पोस्टमार्टम से पहले तथ्यों के साथ छेड़छाड़ की गई.
परिवार की आपत्ति के बाद दिल्ली AIIMS की टीम भोपाल पहुंची और दोबारा पोस्टमार्टम किया गया. दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी आत्महत्या की बात सामने आने की जानकारी दी गई है.
CBI चार्जशीट में पति और सास आरोपी
CBI की चार्जशीट के मुताबिक ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह पर दहेज की मांग और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए गए हैं. हालांकि, मामले से जुड़े आरोपों पर अंतिम फैसला न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगा.
