स्ट्रेट ऑफ होर्मुज और ओमान की खाड़ी में फंसे भारतीय नाविकों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। 107 दिनों से समुद्र में अनिश्चितता और भय के माहौल में रह रहे सैकड़ों भारतीयों के बीच एक दुखद खबर सामने आई है। एमटी सेलेस्टियल जहाज पर सवार भारतीय नागरिक निशांत उर्थनाथन की मेडिकल कारणों से मौत हो गई है। भारतीय दूतावास उनके पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत वापस लाने की कोशिशों में जुटा हुआ है।

भारतीय नाविक की मौत के बाद दूतावास हरकत में

ओमान में मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को एक बयान जारी कर कहा, दुर्भाग्यवश मेडिकल कारणों से जान गंवाने वाले भारतीय नागरिक निशांत उर्थनाथन के परिवार वालों, जहाज़ के क्रू सदस्यों और संबंधित अधिकारियों के साथ भारतीय दूतावास लगातार संपर्क में है। उनके पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द उतारने और स्वदेश वापस लाने की कोशिशें की जा रही हैं।

निशांत उर्थनाथन का पार्थिव शरीर फिलहाल ओमान के डुक्म पोर्ट पर खड़े एमटी सेलेस्टियल जहाज़ पर मौजूद है। भारतीय दूतावास जहाज़ की मैनेजमेंट कंपनी के साथ लगातार संपर्क में है और सभी संबंधित पक्षों के साथ मिलकर काम कर रहा है। उनके पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत वापस लाने के लिए ज़रूरी इंतज़ाम किए जा रहे हैं।

13 जहाजों पर फंसे 562 भारतीय, 107 दिनों से जारी संकट

दरअसल, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में पिछले 107 दिनों से 13 भारतीय-ध्वज वाले कार्गो जहाज़ फंसे हुए हैं, जिन पर 562 भारतीय नाविक सवार हैं। शिपिंग मंत्रालय के मुताबिक, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ के पश्चिम में 329 नाविक फंसे हैं, जबकि ओमान की खाड़ी यानी स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ के पूर्वी हिस्से में 233 नाविक फंसे हुए हैं।

28 फरवरी को अमेरिका और ईरान के बीच शुरू हुए युद्ध के बाद से ही ये 562 भारतीय नाविक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज़ और गल्फ ऑफ ओमान में फंसे हुए हैं। लंबे समय से समुद्र में फंसे ये नाविक मुश्किल परिस्थितियों के बीच भय और अनिश्चितता के माहौल में जीवन बिताने को मजबूर हैं। लगातार बढ़ते तनाव और क्षेत्रीय अस्थिरता के कारण उनकी चिंताएं भी बढ़ती जा रही हैं।

विराट 1’ जहाज के साथ नई घटना, 14 भारतीयों के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

इसी बीच रविवार को भारतीय ध्वज वाले मशीनीकृत सेलिंग वेसल ‘विराट 1’ से जुड़ी एक नई घटना भी सामने आई है।

ओमान में भारतीय दूतावास ने एक बयान जारी कर कहा, भारतीय मिशन को ओमान के तट के पास भारतीय झंडे वाले मशीनीकृत सेलिंग वेसल ‘विराट 1’ से जुड़ी एक घटना के बारे में पता चला है। बताया जा रहा है कि इस पर 14 भारतीय क्रू सदस्य सवार थे। ओमान के अधिकारियों और घटना स्थल के आसपास मौजूद जहाजों के साथ मिलकर खोज और बचाव अभियान का समन्वय किया जा रहा है।

खबरों के मुताबिक, ‘विराट 1’ जहाज़ का इंजन खराब हो गया था, जिसके बाद क्रू के सदस्यों को सुरक्षित रूप से लाइफ़ राफ्ट पर स्थानांतरित कर दिया गया। ओमान के अधिकारियों के तालमेल से आसपास मौजूद जहाज़ों की मदद से फिलहाल बचाव अभियान चलाया जा रहा है। भारतीय दूतावास पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और क्रू सदस्यों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है।