
अरविंद केजरीवाल और तहसीन पूनावाला।Source : Chrome
E20 फ्यूल को लेकर आज दिल्ली में विरोध का नया दौर शुरू होने जा रहा है। एक ओर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल E20 पर राष्ट्रीय टाउनहॉल आयोजित करेंगे, वहीं दूसरी ओर सामाजिक कार्यकर्ता तहसीन पूनावाला मौन मार्च और भूख हड़ताल पर बैठेंगे। दोनों कार्यक्रमों के चलते E20 फ्यूल का मुद्दा राजनीतिक और सामाजिक बहस के केंद्र में आ गया है।
केजरीवाल का नेशनल टाउनहॉल
अरविंद केजरीवाल का राष्ट्रीय टाउनहॉल शनिवार सुबह 11:30 बजे दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में विशेषज्ञ, इस विषय से जुड़े लोग और आम नागरिक शामिल होकर E20 फ्यूल पर अपनी राय रखेंगे। केजरीवाल का दावा है कि देश की एक प्रमुख हस्ती भी इस अभियान का हिस्सा बनेगी।
ऑनलाइन भी जुड़ सकेंगे लोग
आम आदमी पार्टी ने बताया है कि जो लोग दिल्ली नहीं पहुंच सकते, वे ऑनलाइन माध्यम से भी टाउनहॉल में शामिल हो सकेंगे। इसके लिए पार्टी की ओर से एक व्हाट्सएप नंबर भी जारी किया गया है, ताकि लोग अपनी राय और सुझाव साझा कर सकें।
तहसीन पूनावाला की भूख हड़ताल
सामाजिक कार्यकर्ता तहसीन पूनावाला ने E20 फ्यूल के विरोध में मौन मार्च और भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि उन्हें शांतिपूर्ण विरोध से भी रोकने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें रोका गया, तब भी उनका विरोध जारी रहेगा।
पहले भी कर चुके हैं अभियान का ऐलान
अरविंद केजरीवाल ने कुछ दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में E20 फ्यूल के खिलाफ राष्ट्रीय अभियान की घोषणा की थी। उनका कहना था कि इस मुद्दे पर व्यापक जनचर्चा जरूरी है और बड़ी संख्या में लोगों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा। अब आज के कार्यक्रमों के साथ यह अभियान औपचारिक रूप से शुरू हो रहा है।
