मारुति सुजुकी ने अपनी लोकप्रिय हैचबैक कार वैगनआर का नया Flex Fuel मॉडल पेश किया है। कंपनी का दावा है कि यह भारत की पहली ऐसी पैसेंजर कार है, जो E20 से लेकर E85 (85% इथेनॉल) तक के ईंधन मिश्रण पर चल सकती है। भविष्य में इसे 100% इथेनॉल पर चलाने की भी तैयारी की जा रही है।


कैसी दिखती है नई WagonR Flex Fuel?

नई Flex Fuel वैगनआर का लुक और डिजाइन मौजूदा वैगनआर जैसा ही है। हालांकि, इसके इंजन और फ्यूल सिस्टम में कई बदलाव किए गए हैं ताकि यह इथेनॉल आधारित ईंधन पर बेहतर तरीके से चल सके

प्रदूषण कम करने में मिलेगी मदद

लॉन्चिंग के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि फ्लेक्स-फ्यूल वाहनों के इस्तेमाल से वायु प्रदूषण को कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि सरकार स्वच्छ ईंधन और ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है।


पुरानी गाड़ियों को भी बदलने की अपील

नितिन गडकरी ने वाहन कंपनियों से अपील की कि वे ऐसी तकनीक विकसित करें, जिससे पुरानी गाड़ियों को भी फ्लेक्स-फ्यूल वाहन में बदला जा सके। इससे सड़कों पर चल रहे पुराने वाहनों से होने वाले प्रदूषण को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।


भविष्य के ईंधन पर सरकार का फोकस

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि सरकार डीजल में 15% आइसोब्यूटानॉल मिलाने की योजना पर विचार कर रही है। इसके अलावा पर्यावरण के अनुकूल एविएशन फ्यूल (SAF) को बढ़ावा देने के लिए ₹10,000 करोड़ का फंड भी आवंटित किया गया है।