Source: Pinterest

Source: Pinterest

पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने को लेकर लोगों के बीच कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि रेसिंग कारों में इथेनॉल का इस्तेमाल हो रहा है और बायोफ्यूल उनकी रफ्तार बढ़ाने में मदद करता है। उन्होंने बायोफ्यूल की ज्यादा ब्लेंडिंग को बढ़ावा देने के सरकार के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि दुनिया के कई देशों में इसका सफलतापूर्वक इस्तेमाल हो रहा है। पुरी ने माना कि ज्यादा इथेनॉल ब्लेंड से कुछ मामलों में माइलेज थोड़ा कम हो सकता है, लेकिन इसके पीछे सिर्फ ईंधन नहीं, बल्कि कई अन्य कारण भी जिम्मेदार हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि ई-व्हीकल और बायोफ्यूल दोनों का भविष्य है और भारत मौजूदा E20 फ्यूल से आगे तभी बढ़ेगा, जब सभी जरूरी परीक्षण पूरे हो जाएंगे। वहीं, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी की अटकलों पर उन्होंने कहा कि फिलहाल इस पर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी, क्योंकि तेल कंपनियां अभी भी पहले खरीदे गए महंगे कच्चे तेल के स्टॉक का इस्तेमाल कर रही हैं।

E20 फ्यूल को क्यों बढ़ावा दे रही है सरकार?

मंत्री के मुताबिक, E20 फ्यूल का मकसद सिर्फ पेट्रोल में इथेनॉल मिलाना नहीं है। इससे कच्चे तेल के आयात पर देश की निर्भरता कम होगी, विदेशी मुद्रा की बचत होगी और किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। इथेनॉल गन्ने, मक्का और अन्य कृषि उत्पादों से तैयार होता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत E20 से आगे तभी बढ़ेगा, जब सभी जरूरी परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे हो जाएंगे।

दुनिया के कई देशों में पहले से हो रहा इस्तेमाल

हरदीप पुरी ने बताया कि अमेरिका, ब्राजील, कनाडा, जापान, थाईलैंड और कई यूरोपीय देश पहले से इथेनॉल मिश्रित ईंधन का इस्तेमाल कर रहे हैं। भारत भी इसी दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार के अनुसार, देश में इथेनॉल ब्लेंडिंग 1.5 प्रतिशत से बढ़कर 20 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है, जिससे कच्चे तेल की खपत कम हुई है, विदेशी मुद्रा की बड़ी बचत हुई है और कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आई है।

पेट्रोल और डीजल के दाम घटने की संभावना पर हरदीप पुरी ने कहा कि अभी इस बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। उन्होंने बताया कि तेल कंपनियां फिलहाल पहले खरीदे गए महंगे कच्चे तेल का इस्तेमाल कर रही हैं। अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लगातार कुछ महीनों तक कम बनी रहती हैं, तभी ईंधन की कीमतों में राहत मिलने की संभावना पर विचार किया जाएगा।

मंत्री ने बताया इथेनॉल क्यों जरूरी

पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मंत्रालय के अनुसार, US E10 का इस्तेमाल करता है, E15 भी लाया जा रहा है, और लाखों फ्लेक्स फ्यूल गाड़ियां E85 तक के फ्यूल पर चल रही हैं। ब्राज़ील E27 के ज़रूरी इस्तेमाल और इससे भी ज़्यादा इथेनॉल ब्लेंड की योजना के साथ सबसे आगे है; वहां कई नई गाड़ियां फ्लेक्स फ्यूल गाड़ियां हैं जो 100 परसेंट तक इथेनॉल पर चल सकती हैं।