बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा यादव मोड़ स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम को शनिवार देर रात अपराधियों ने निशाना बनाया। बदमाशों ने गैस कटर की मदद से एटीएम मशीन को काटकर उसमें रखी लाखों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना मुफस्सिल थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

CCTV कैमरों पर स्प्रे कर दिया वारदात को अंजाम

जानकारी के अनुसार, अपराधी पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे। उन्होंने सबसे पहले एटीएम के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे कर दिया, ताकि उनकी पहचान न हो सके। इसके बाद गैस कटर से मशीन को काटकर कैश बॉक्स में रखी नकदी निकाल ली। फिलहाल एटीएम में मौजूद राशि का अंतिम आकलन किया जा रहा है, हालांकि शुरुआती अनुमान के अनुसार इसमें 10 लाख रुपये से अधिक नकदी थी।

पुलिस ने एटीएम को किया सील

घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अपराधी फरार हो चुके थे। पुलिस ने एटीएम को सील कर दिया है और वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। घटनास्थल से अपराधियों की एक चादर बरामद हुई है, जिसे जांच में अहम सुराग माना जा रहा है। पुलिस का मानना है कि वारदात किसी पेशेवर गिरोह द्वारा अंजाम दी गई है।

मुफस्सिल थाना अध्यक्ष शंभू भगत ने बताया कि बैंक से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन अपराधी पहले ही फरार हो चुके थे। उन्होंने कहा कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है।

पहले भी इसी तरह हुई थी बड़ी चोरी

गौरतलब है कि चौसा में एटीएम चोरी की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले 30 नवंबर 2025 की रात चौसा क्षेत्र स्थित एसबीआई के एटीएम को भी अपराधियों ने इसी तरीके से निशाना बनाया था। उस दौरान गैस कटर से मशीन काटकर करीब 30 लाख रुपये की चोरी की गई थी। दोनों घटनाएं शनिवार की रात को ही हुई हैं।

हैरानी की बात यह है कि सात महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक एसबीआई एटीएम चोरी कांड का खुलासा नहीं कर सकी है। ऐसे में एक बार फिर उसी तरह की वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों में नाराजगी

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब थाना से कुछ ही दूरी पर अपराधी लगातार एटीएम काटकर लाखों रुपये की चोरी कर रहे हैं और पुलिस पुराने मामले का भी खुलासा नहीं कर पाई है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता स्वाभाविक है। लोगों का कहना है कि अब देखना होगा कि इस बार पुलिस अपराधियों तक पहुंच पाती है या यह मामला भी पिछले एसबीआई एटीएम चोरी कांड की तरह अधूरा रह जाएगा।

रात 2:22 बजे मिला अलर्ट

मौके पर पहुंचे बैंक के सीएमएस सिद्धार्थ कुमार ने बताया कि चोरी की घटना के दौरान बैंक को रात 2 बजकर 22 मिनट पर अलर्ट प्राप्त हुआ था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही अपराधी फरार हो चुके थे। उन्होंने बताया कि एटीएम में करीब 10 लाख रुपये मौजूद थे। फिलहाल एफएसएल टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।