Bankipur Bypoll Result: बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के नतीजों के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा को 12 साल का "रिटर्न गिफ्ट" मिला है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि इस बार बिना बेईमानी और बिना प्रशासनिक दबाव के जनता ने अपना फैसला सुनाया है।
Akhilesh Yadav Bankipur On Bypoll Result: "12 साल का रिटर्न गिफ्ट..." बांकीपुर नतीजों पर अखिलेश यादवSource : NDTV.com
बांकीपुर नतीजों पर अखिलेश यादव का बड़ा हमला
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के परिणाम पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव का बयान सामने आया है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, "भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के पास बाकी कुछ बचा ही नहीं है। भाजपा को 12 साल का यह रिटर्न गिफ्ट मिला है।"
उन्होंने कहा कि अगर भाजपा कुंदरकी या बंगाल की तरह चुनाव लड़ती और फोर्स लगा देती तो भाजपा की हार नहीं होती। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा यह देखना चाहती थी कि पुलिस प्रशासन लगाए बिना, बेईमानी किए बिना और ईवीएम में घोटाला किए बिना जनता कितना वोट देती है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ हार नहीं है, बल्कि जनता के रुख का संकेत है।
सोशल मीडिया पोस्ट में भी साधा निशाना
उपचुनाव परिणाम आने के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने लिखा, "ये डबल इंजन की डबल हार है। भाजपा की हार मतलब बदलाव की शुरुआत। भाजपा की सबसे सुरक्षित और परंपरागत सीटें भी अब उनकी हार नहीं बचा पाएंगी।"
उन्होंने आगे कहा कि अब भाजपा का संकट हार से भी बड़ा होगा, क्योंकि उनका टिकट लेने वाला व्यक्ति "ड्रोन और दूरबीन" से भी नहीं मिलेगा।
बांकीपुर में प्रशांत किशोर ने दर्ज की जीत
बांकीपुर उपचुनाव का परिणाम बिहार की राजनीति के लिए एक ऐतिहासिक मोड़ साबित हुआ है। भारतीय जनता पार्टी के 30 साल पुराने अभेद्य गढ़ और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की खाली हुई सीट पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने 19,324 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।
प्रशांत किशोर को 64,151 वोट मिले, जबकि भाजपा के नीरज सिन्हा 44,827 वोटों पर सिमट गए। वहीं राष्ट्रीय जनता दल तीसरे स्थान पर रही।
जीत के बाद क्या बोले प्रशांत किशोर?
बांकीपुर उपचुनाव जीतने के बाद जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा कि वह इस जीत को बिहार की जनता का भाजपा और एनडीए नेतृत्व के लिए संदेश मानते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता चाहती है कि राज्य में बेहतर नेतृत्व मिले और सरकार अपने वादों पर ध्यान दे।
प्रशांत किशोर ने कहा कि अपराध, अपराधियों, एनकाउंटर, हाफ एनकाउंटर और जाति-गमछा देखकर गोली मारने जैसी भाषा पर रोक लगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार में शिक्षा, रोजगार और पलायन जैसे मुद्दों पर गंभीरता से काम होना चाहिए।
