प्रेमी की पिटाई के बाद महिला बुरी तरह जख्मी हों गई।
बिहार के गोपालगंज से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक महिला को अपने ही रिश्ते के भतीजे से प्यार हो गया, लेकिन जब उसने इस रिश्ते से कदम पीछे खींचे, तो सिरफिरे आशिक ने खौफनाक कदम उठा लिया। पीड़िता ने युवक पर ब्लैकमेलिंग और जबरन अवैध संबंध बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। हालांकि, इस मामले में अभी तक पुलिस के पास लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। देखिए मुकेश कुमार की यह खास रिपोर्ट।
प्यार के बाद विवाद: चाची के इनकार पर भड़का भतीजा
गोपालगंज के उचकागांव क्षेत्र की रहने वाली एक 35 वर्षीय महिला को अपने पड़ोस में रहने वाले भतीजे से प्यार हो गया था। दोनों का अक्सर मिलना-जुलना होता था, जिसके बाद चाची और भतीजे का यह इश्क कई सालों तक परवान चढ़ता रहा। लेकिन कुछ समय बाद महिला को अपनी सामाजिक मर्यादा, बच्चों और पति का ख्याल आया। उसने अपनी गलती का अहसास करते हुए भतीजे से दूरी बना ली और मिलने से साफ इनकार कर दिया।
युवक इस दूरी को बर्दाश्त नहीं कर पाया और महिला पर दोबारा संबंध बनाने के लिए लगातार दबाव डालने लगा। आरोप है कि जब महिला नहीं मानी, तो युवक ने मर्यादा की सारी हदें पार कर दीं। उसने महिला के नहाने के दौरान का एक छुपकर वीडियो बना लिया और उस वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। जब ब्लैकमेलिंग से भी महिला रास्ते पर नहीं आई, तो उसने चाची के साथ बेरहमी से मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि मना करने पर भतीजे ने उसे पीट-पीटकर लहूलुहान और गंभीर रूप से घायल कर दिया।
गुजरात में रहता है पति, सूने घर में पनपा था इश्क
पीड़िता ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि उसका पति रोजी-रोटी के सिलसिले में गुजरात में रहकर नौकरी करता है। वह घर पर अपने दो बच्चों के साथ अकेली रहती थी। इसी अकेलेपन के दौरान वह पड़ोस के युवक (भतीजे) के संपर्क में आई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।
हालांकि, बाद में समाज, मान-सम्मान और अपने बच्चों के भविष्य का सोचते हुए महिला ने युवक को काफी समझाने की कोशिश की और इस अवैध रिश्ते को हमेशा के लिए खत्म करने का फैसला किया। लेकिन युवक उसके प्यार में इस कदर अंधा और पागल हो चुका था कि वह कुछ भी सुनने या समझने को तैयार नहीं था। इसी बीच उसने घर के आंगन में नहा रही महिला का वीडियो बनाकर उसे हथियार बना लिया।
लाठी-डंडों से किया हमला, अस्पताल पहुंची महिला
जब ब्लैकमेलिंग के बावजूद महिला ने घुटने नहीं टेके, तो युवक पूरी तरह बौखला गया। हताशा और गुस्से में वह एक दिन लाठी-डंडे लेकर सीधे महिला के घर में घुस गया और उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस बर्बर पिटाई के कारण महिला को गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। घायल अवस्था में पीड़िता इलाज के लिए सदर मॉडल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंची, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस तक पहुंचा मामला, लेकिन लिखित शिकायत का इंतजार
अस्पताल के बेड पर पड़ी पीड़िता अब न्याय की गुहार लगा रही है। महिला की मांग है कि आरोपी युवक के खिलाफ ब्लैकमेलिंग करने, मारपीट करने और जबरन अवैध संबंध बनाने के लिए दबाव डालने का सख्त मामला दर्ज किया जाए। दूसरी तरफ, इस मामले पर पुलिस का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है, लेकिन अभी तक पीड़िता या उसके परिवार की तरफ से कोई लिखित शिकायत नहीं सौंपी गई है। पुलिस के मुताबिक, लिखित रिपोर्ट दर्ज होते ही आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
