एयरपोर्ट के पास हुआ चौंकाने वाला हादसा
अमेरिका के व्यस्त न्यूर्क लिबर्टी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने लोगों को हैरान कर दिया। इटली के वेनिस से आ रही यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट लैंडिंग के दौरान रनवे के बेहद करीब से गुजर रही थी, तभी उसका निचला हिस्सा सड़क पर चल रहे एक ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और आसपास अफरा-तफरी मच गई।
डैशकैम में रिकॉर्ड हुई पूरी घटना
बताया जा रहा है कि ट्रक चालक वॉरेन बोर्डली उस समय एक बेकरी कंपनी के लिए सामान लेकर जा रहे थे। ट्रक में लगे डैशकैम ने पूरी घटना रिकॉर्ड कर ली। वीडियो में दिखाई देता है कि चालक सामान्य तरीके से गाड़ी चला रहा था और गाना सुन रहा था, तभी अचानक जोरदार धमाके जैसी आवाज आती है और ट्रक का शीशा टूट जाता है। इस हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं, हालांकि बाद में उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
बड़ा हादसा टला, सभी सुरक्षित
घटना के बाद ट्रक कंपनी के मालिक ने कहा कि जिस तरह से विमान ट्रक से टकराया, उसके बाद सभी का सुरक्षित बच जाना किसी चमत्कार से कम नहीं है। जानकारी के मुताबिक, विमान ने एक लाइट पोल को भी नुकसान पहुंचाया, जो बाद में एक वाहन पर गिर गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि विमान में सवार यात्रियों और सड़क पर मौजूद लोगों को कोई गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा।
जांच एजेंसियां हुईं सक्रिय
इस घटना के बाद राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांचकर्ताओं ने विमान के फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं यूनाइटेड एयरलाइंस ने भी एहतियात के तौर पर विमान के क्रू को अस्थायी रूप से ड्यूटी से हटाकर आंतरिक जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि लैंडिंग के दौरान इतनी बड़ी चूक कैसे हुई।
