Heatwave Health Risks:
भीषण गर्मी में लोग अक्सर ज्यादा पानी पीने की सलाह देते हैं, लेकिन दिल्ली से सामने आया एक मामला यह बताता है कि सिर्फ पानी पीना ही काफी नहीं होता. एक युवक ने दिनभर में करीब 5 लीटर पानी पिया, फिर भी उसकी तबीयत इतनी बिगड़ गई कि उसे ICU में भर्ती करना पड़ा.
गर्मी के मौसम में अक्सर कहा जाता है कि शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए ज्यादा पानी पीना चाहिए. लेकिन अगर शरीर को सिर्फ पानी मिले और जरूरी नमक व मिनरल्स न मिलें, तो यह भी नुकसानदायक हो सकता है. दिल्ली में सामने आया मामला इसी बात की ओर इशारा करता है. यहां एक 25 साल का युवक तेज धूप में काम करने के दौरान लगातार पानी पीता रहा, लेकिन बाद में उसकी हालत गंभीर हो गई.
क्या हुआ युवक के साथ?
जानकारी के मुताबिक, युवक पूरे दिन तेज गर्मी में बाइक से काम कर रहा था. उसे लगता था कि ज्यादा पानी पीने से शरीर सुरक्षित रहेगा. इसी वजह से उसने दिनभर में करीब 5 लीटर पानी पी लिया. लेकिन उसने कुछ भी पौष्टिक नहीं खाया. न फल खाए, न इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक ली और न ही कोई नमक वाला पेय पिया.
शाम होते-होते उसे चक्कर आने लगे और उल्टी जैसा महसूस होने लगा. शुरुआत में उसने इसे सामान्य थकान समझकर नजरअंदाज किया, लेकिन धीरे-धीरे उसकी हालत खराब होने लगी. उसे बोलने में दिक्कत होने लगी और वह भ्रमित महसूस करने लगा. इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया.
शरीर में नमक की कमी बनी वजह
अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने पाया कि युवक के शरीर में सोडियम का स्तर काफी कम हो गया था. सामान्य रूप से यह स्तर 135–145 mEq/L के बीच होता है, लेकिन उसका स्तर घटकर 124 तक पहुंच गया था. इस स्थिति को हाइपोनेट्रेमिया कहा जाता है.
डॉक्टरों के अनुसार, ज्यादा पसीना आने से शरीर से नमक और जरूरी मिनरल्स बाहर निकल जाते हैं. अगर उनकी भरपाई सिर्फ पानी से की जाए, तो शरीर का संतुलन बिगड़ सकता है. यही वजह युवक की हालत खराब होने का कारण बनी.
क्यों खतरनाक हो सकती है यह स्थिति?
पसीना शरीर को ठंडा रखने का काम करता है, लेकिन इसके साथ शरीर से सोडियम, पोटेशियम और दूसरे जरूरी मिनरल्स भी निकल जाते हैं. सोडियम शरीर में पानी का संतुलन बनाए रखने और दिमाग को सही तरीके से काम करने में मदद करता है.जब शरीर में सोडियम कम हो जाता है, तो सिरदर्द, कमजोरी, चक्कर, उल्टी और थकान जैसे लक्षण दिख सकते हैं. गंभीर स्थिति में बेहोशी, दौरे और कोमा तक की नौबत आ सकती है.
गर्मी में सही तरीके से कैसे रहें हाइड्रेट?
डॉक्टरों का कहना है कि गर्मी में सिर्फ ज्यादा पानी पीना ही काफी नहीं है. शरीर को इलेक्ट्रोलाइट्स और जरूरी मिनरल्स की भी जरूरत होती है. इसलिए नारियल पानी, नींबू पानी, छाछ, ORS और फलों का जूस जैसी चीजें भी लेना जरूरी है.
इसके अलावा समय पर खाना खाना, ज्यादा देर धूप में न रहना और शरीर को आराम देना भी जरूरी है. सही तरीके से हाइड्रेट रहकर ही गर्मी के खतरों से बचा जा सकता है.
