केरल के पालक्कड़ से विधायक और कांग्रेस पार्टी से निष्कासित नेता राहुल ममकूटाथिल को पुलिस ने एक बार फिर गंभीर आरोपों के चलते गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी उनके खिलाफ दर्ज तीसरे बलात्कार मामले के सिलसिले में की गई है। पुलिस ने उन्हें रात करीब 1 बजे पलक्कड़ के एक होटल से हिरासत में लिया, जिसके बाद पूछताछ के लिए पथनमथिट्टा जिले के एक विशेष पुलिस कैंप में ले जाया गया।इससे पहले कांग्रेस पार्टी ने राहुल ममकूटाथिल को पार्टी से निष्कासित कर दिया था। पार्टी नेतृत्व ने साफ किया है कि महिलाओं से जुड़े अपराधों पर कांग्रेस की जीरो टॉलरेंस नीति है और कानून को अपना काम करने दिया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विधायक के खिलाफ दर्ज यह तीसरा मामला बेहद गंभीर प्रकृति का है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने भरोसे का गलत इस्तेमाल करते हुए उसके साथ जबरदस्ती की। मामले में IPC की गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

पहला मामला: राजनीतिक प्रभाव का आरोप
राहुल ममकूटाथिल के खिलाफ पहला रेप केस कुछ समय पहले दर्ज किया गया था, जिसमें एक महिला ने आरोप लगाया था कि विधायक ने राजनीतिक पहचान और प्रभाव का इस्तेमाल कर उसके साथ शारीरिक शोषण किया। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। हालांकि, उस समय आरोपी ने खुद को निर्दोष बताते हुए आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया था।

दूसरा मामला: जांच के घेरे में आए विधायक
इसके बाद विधायक के खिलाफ दूसरा बलात्कार मामला दर्ज हुआ, जिसने इस पूरे मामले को और गंभीर बना दिया। दूसरे केस में पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे लंबे समय तक मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। इस मामले में भी पुलिस ने बयान दर्ज किए और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की थी। लगातार सामने आ रहे मामलों के कारण विधायक की छवि पर गंभीर सवाल उठने लगे।

गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक विवाद 

गिरफ्तारी के बाद राज्य में राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ए. थंकप्पन ने कहा कि ममकूटथिल का अब पार्टी से कोई संबंध नहीं है और विधायक पद से इस्तीफा देना उनका व्यक्तिगत निर्णय होगा। भाजपा नेता पी.के. कृष्णदास ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब भी उन्हें बचाने की कोशिश कर रही है और पार्टी ने उनके इस्तीफे की मांग नहीं की है। शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने कहा कि विधायक के खिलाफ दर्जनों शिकायतें हैं और कानून निष्पक्षता से अपना काम कर रहा है।

राजनीतिक और संकट

पिछले साल नवंबर में पलक्कड़ उपचुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे राहुल ममकूटथिल का राजनीतिक ग्राफ तेजी से ऊपर चढ़ा था। लेकिन लगातार सामने आ रहे आपराधिक मामलों ने उनके करियर को गहरे संकट में डाल दिया है। उन्हें आज ही अदालत में पेश किया जाएगा।