पटना। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के मुख्यालय सदाकत आश्रम में सोमवार को छह प्रमंडलों के सभी जिला अध्यक्षों एवं जिला प्रभारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश राम ने की, जबकि बिहार कांग्रेस के एआईसीसी प्रभारी कृष्णा अल्लावरू विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक में संगठन की मौजूदा स्थिति, ‘हर घर झंडा’ कार्यक्रम की प्रगति, जिला स्तर पर पार्टी की गतिविधियों तथा बूथ और पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करने की तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर भी जिला अध्यक्षों एवं प्रभारियों से जानकारी ली गई।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए सभी पदाधिकारियों को पूरी सक्रियता के साथ काम करना होगा। पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ आम लोगों की समस्याओं को मजबूती से उठाना संगठन की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि जिला से लेकर बूथ स्तर तक संगठन मजबूत किए बिना किसी भी राजनीतिक लड़ाई को प्रभावी ढंग से नहीं लड़ा जा सकता। उन्होंने जिला अध्यक्षों एवं प्रभारियों को नियमित रूप से कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित करने और ठोस कार्ययोजना के साथ संगठन विस्तार में जुटने का निर्देश दिया।
एआईसीसी प्रभारी कृष्णा अल्लावरू ने भी संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय, संगठन की सक्रियता बढ़ाने और जनता से लगातार संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया।
बैठक में अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव, पंकज यादव समेत छह प्रमंडलों के सभी जिला अध्यक्ष एवं जिला प्रभारी उपस्थित रहे।
