
बिहार की राजधानी पटना से एक शर्मनाक घटना सामने आई है। शास्त्रीनगर इलाके में SSC की तैयारी कर रही 26 वर्षीय छात्रा अपने ही दोस्त की हैवानियत का शिकार हो गई। आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर पहले भरोसा जीता, फिर गुरुवार रात कमरे में बंधक बनाकर चाकू की नोक पर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने उस पर जानलेवा हमला भी किया।
यह घटना एजुकेशन हब कहे जाने वाले पटना की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
कैसे हुई दोस्ती, कैसे टूटा भरोसा?
पीड़िता मूल रूप से कदमकुआं के एक हॉस्टल में रहती है। वह पढ़ाई के साथ एक प्राइवेट नर्सिंग होम में पार्ट-टाइम काम भी करती है। करीब एक साल पहले उसकी मुलाकात मधेपुरा निवासी मनीष यादव से हुई। मनीष IGIMS में डेटा ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है।

पुलिस के अनुसार: धीरे-धीरे दोस्ती बढ़ी। मनीष ने शादी का वादा कर युवती का भरोसा जीता. आरोप है कि वह लंबे समय से शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बना रहा था। जब भी युवती शादी का दबाव बनाती, आरोपी टालमटोल करता और झगड़े पर उतर आता।
घटना की रात: कमरे में बुलाकर बनाया बंधक
गुरुवार रात मनीष ने पीड़िता को शास्त्रीनगर की मछली गली स्थित अपने किराए के कमरे पर मिलने बुलाया।
क्या हुआ कमरे में:
1. शादी की बात पर भड़का: युवती ने शारीरिक संबंध से पहले शादी की बात कही। इससे नाराज होकर मनीष ने जबरदस्ती शुरू कर दी।
2. चाकू से हमला: विरोध करने पर आरोपी ने सब्जी काटने वाले चाकू से युवती पर हमला कर दिया. गर्दन, हाथ और कंधे पर गहरे जख्म आए।
3. बंधक बनाकर दुष्कर्म: आरोप है कि घायल हालत में ही युवती को बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया।
हिम्मत दिखाकर खुद पहुंची अस्पताल
वारदात के बाद पीड़िता किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकली और अकेले IGIMS अस्पताल पहुंची। डॉक्टरों ने गंभीर हालत और चाकू के निशान देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी।
शास्त्रीनगर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता का बयान दर्ज किया और केस दर्ज कर जांच शुरू की।
आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस
सचिवालय डीएसपी-2 साकेत कुमार ने बताया कि घटना के बाद से आरोपी मनीष यादव फरार है। उसका मोबाइल भी बंद है।
पुलिस की कार्रवाई:
1. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें छापेमारी कर रही हैं।
2. तकनीकी सर्विलांस और मोबाइल लोकेशन से ट्रैक करने की कोशिश जारी है।
3. पुलिस ने केस को गंभीर बताते हुए जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिया है।
ये मामला सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि उस भरोसे का कत्ल है जो दोस्ती और रिश्तों की बुनियाद होता है. राजधानी पटना में पढ़ने आई एक छात्रा के साथ हुई इस दरिंदगी ने सुरक्षा इंतजामों पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी जल्द गिरफ्त में होगा।
