
हाल के दिनों में दहेज उत्पीड़न और शादीशुदा महिलाओं की संदिग्ध मौतों के मामलों ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इसी बीच अभिनेत्री और भाजपा सांसद Kangana Ranaut ने भी इन घटनाओं पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि भारतीय समाज में शादी के बाद बेटियों को अक्सर अकेला छोड़ दिया जाता है और कई महिलाएं मदद मांगने के बावजूद समर्थन नहीं पा पातीं।
कंगना रनौत ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि हर दिन शादीशुदा युवा महिलाओं की दुखद खबरें सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि कई पढ़ी-लिखी लड़कियां अपने परिवार से मदद की गुहार लगाती हैं, लेकिन शादी के बाद समाज और परिवार अक्सर उन्हें बोझ समझने लगते हैं। कंगना ने लिखा, “भारतीय समाज बेटियों को शादी के बाद छोड़ देने के लिए बदनाम है।”
उन्होंने युवतियों को सलाह देते हुए कहा कि शादी से पहले आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनना बहुत जरूरी है। कंगना ने कहा कि लड़कियों को सबसे पहले अपने करियर पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने लिखा, “आपका करियर आपकी जिंदगी में किसी भी इंसान से ज्यादा महत्वपूर्ण है। शादी के बारे में तभी सोचें जब आप पूरी तरह स्वतंत्र हों। आपको खुद अपना हीरो बनना होगा, क्योंकि आपको बचाने कोई नहीं आएगा।”
कंगना का यह बयान हाल ही में सामने आए दो चर्चित मामलों के बाद आया है, जिनमें नोएडा और ग्रेटर नोएडा की दो महिलाओं की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहला मामला नोएडा की रहने वाली 33 वर्षीय Twisha Sharma का है। ट्विशा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल निवासी समर्थ सिंह से हुई थी। 12 मई को उनकी मौत हो गई, जिसे परिवार ने आत्महत्या बताया है। ट्विशा के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले उन्हें मानसिक रूप से परेशान कर रहे थे और दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।
पुलिस ने इस मामले में ट्विशा के पति और उनकी सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। गिरिबाला सिंह रिटायर्ड जज बताई जा रही हैं। मामले की जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) भी बनाई गई है।
हालांकि, ट्विशा की सास ने आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि गर्भवती होने के बाद ट्विशा के व्यवहार में काफी बदलाव आ गया था और वह गर्भपात कराने की जिद कर रही थीं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वहीं दूसरा मामला ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव का है, जहां दीपिका नाम की एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक दीपिका की शादी को करीब डेढ़ साल ही हुए थे। उनकी मौत ससुराल की छत से गिरने के बाद हुई।
दीपिका के पिता संजय ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए लगातार परेशान किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि घटना वाले दिन भी वह विवाद सुलझाने के लिए ससुराल गए थे, लेकिन कुछ घंटों बाद ही बेटी की मौत की खबर मिली।
पुलिस ने इस मामले में दीपिका के पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
इन दोनों घटनाओं के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों का गुस्सा देखने को मिल रहा है। कई लोग दहेज प्रथा और महिलाओं पर बढ़ते मानसिक दबाव को लेकर चिंता जता रहे हैं। कंगना रनौत के बयान ने भी इस बहस को और तेज कर दिया है कि महिलाओं को शादी से पहले आत्मनिर्भर बनाना कितना जरूरी है।
