Hydrating Fruits For Diabetes: तरबूज में प्राकृतिक शर्करा होती है, जो ब्लड शुगर को प्रभावित कर सकती है. इसका असर इस बात पर निर्भर करता है कि आप कितना खा रहे हैं.
Does Watermelon Raise Blood Sugar Levels: तरबूज गर्मियों का सबसे पसंदीदा फल है, लेकिन जब बात डायबिटीज की आती है तो लोग अक्सर कंफ्यूज हो जाते हैं कि इसे खाना सुरक्षित है या नहीं. एक्सपर्ट्स का कहना है कि तरबूज पूरी तरह से मना नहीं है, लेकिन इसकी मात्रा और खाने के तरीके का ध्यान रखना बेहद जरूरी है. आइए जानते हैं कि इसे खाते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.
क्या शुगर के मरीजों के लिए नुकसानदायक हो सकता है?
हेल्थ से जुड़ी जानकारी देने वाली वेबसाइट Healthline की रिपोर्ट के अनुसार, तरबूज में प्राकृतिक शर्करा होती है, जो ब्लड शुगर को प्रभावित कर सकती है. लेकिन इसका असर इस बात पर निर्भर करता है कि आप कितना खा रहे हैं. उदाहरण के तौर पर, एक कप कटे हुए तरबूज (करीब 152 ग्राम) में लगभग 9.42 ग्राम शुगर और 11.5 ग्राम कार्बोहाइड्रेट होता है. वहीं, एक बड़ा स्लाइस (करीब 286 ग्राम) में यह मात्रा और ज्यादा हो जाती है. इसलिए इसकी मात्रा पर कंट्रोल रखना जरूरी है.
क्या डायबिटीज के मरीज इसे खा सकते हैं?
अच्छी बात यह है कि सीमित मात्रा में तरबूज संतुलित डाइट का हिस्सा बन सकता है. अमेरिकन डायबिटीज एसोसिएशन भी सलाह देता है कि डायबिटीज के मरीज ताजे फल खा सकते हैं, बशर्ते उनमें अतिरिक्त शुगर न हो. तरबूज में फाइबर के साथ-साथ विटामिन A, विटामिन C, पोटैशियम, मैग्नीशियम, विटामिन B6, आयरन और कैल्शियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर के लिए फायदेमंद होते हैं.
शरीर को मिलते हैं कई फायदे
विटामिन A आंखों की सेहत के लिए अच्छा माना जाता है, जबकि विटामिन C इम्यूनिटी बढ़ाने और दिल को स्वस्थ रखने में मदद करता है. तरबूज में मौजूद एंटीऑक्सिडेंट्स शरीर को फ्री रेडिकल्स से बचाने में सहायक होते हैं. इसमें लाइकोपीन नाम का तत्व भी पाया जाता है, जो दिल से जुड़ी बीमारियों के खतरे को कम करने में मदद कर सकता है. डायबिटीज के मरीजों में हार्ट डिजीज का खतरा पहले से ज्यादा होता है, इसलिए यह फल उनके लिए फायदेमंद हो सकता है.
संतुलन में खाने की सलाह
अगर ग्लाइसेमिक इंडेक्स (GI) की बात करें, तो तरबूज का GI लगभग 72 होता है, जिसे थोड़ा ज्यादा माना जाता है. हालांकि इसका ग्लाइसेमिक लोड कम होता है, यानी सही मात्रा में खाने पर यह ब्लड शुगर को बहुत ज्यादा प्रभावित नहीं करता. यही वजह है कि एक्सपर्ट्स इसे पूरी तरह से मना नहीं करते, बल्कि संतुलन में खाने की सलाह देते हैं.
डायबिटीज के मरीजों के लिए यह भी जरूरी है कि वे तरबूज को अकेले ज्यादा मात्रा में खाने के बजाय संतुलित भोजन के साथ लें. इसके अलावा जूस या सूखे फलों की तुलना में ताजे फल खाना ज्यादा बेहतर माना जाता है.
