दुनिया के सबसे पॉपुलर मैसेजिंग ऐप्स में शामिल WhatsApp अपने यूजर्स के लिए एक और बड़ा फीचर लाने की तैयारी में है। यह नया अपडेट खास तौर पर उन लोगों के लिए राहत लेकर आएगा, जो फोन में बार-बार “स्टोरेज फुल” होने की समस्या से परेशान रहते हैं। अब यूजर्स को बेवजह फोटो, वीडियो या पुरानी चैट्स डिलीट करने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि ऐप स्टेटस मीडिया को मैनेज करना आसान बनाने वाला है।

दरअसल, कंपनी एक ऐसे फीचर पर काम कर रही है जिसकी मदद से यूजर सीधे स्टेटस सेक्शन से ही भारी मीडिया फाइल्स को हटाकर फोन की स्टोरेज खाली कर पाएंगे। अभी तक व्हाट्सऐप के “Manage Storage” सेक्शन में सिर्फ चैट्स, ग्रुप्स और चैनल्स का डेटा दिखता है, लेकिन आने वाले अपडेट में स्टेटस अपडेट भी इसमें शामिल कर दिए जाएंगे। यानी कौन-सा स्टेटस सबसे ज्यादा स्पेस ले रहा है, इसकी जानकारी यूजर को तुरंत मिल जाएगी।

अगर किसी कॉन्टैक्ट का लंबा वीडियो स्टेटस आपके फोन की स्टोरेज भर रहा है, तो अब उसके अपने आप एक्सपायर होने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। यूजर उसी समय उस मीडिया को हटाकर स्पेस खाली कर सकेगा। खास बात यह है कि यह फीचर उन स्मार्टफोन यूजर्स के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है, जिनके फोन में कम स्टोरेज होती है और जिन्हें बार-बार “Storage Almost Full” का मैसेज दिखाई देता है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फीचर फिलहाल डेवलपमेंट स्टेज में है और इसे एंड्रॉयड बीटा वर्जन 2.26.20.6 में देखा गया है। टेस्टिंग पूरी होने के बाद कंपनी इसे धीरे-धीरे सभी यूजर्स के लिए रोल आउट कर सकती है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक लॉन्च डेट सामने नहीं आई है।

सिर्फ स्टोरेज ही नहीं, WhatsApp प्राइवेसी को और मजबूत बनाने के लिए भी नया फीचर तैयार कर रहा है। “After Reading” नाम के इस फीचर में मैसेज पढ़ते ही अपने आप गायब हो जाएंगे। यूजर चाहे तो 5 मिनट, 1 घंटे या 12 घंटे का टाइमर सेट कर सकेगा। वहीं अगर सामने वाला मैसेज नहीं पढ़ता है, तो वह 24 घंटे बाद ऑटोमैटिक डिलीट हो जाएगा। यह फीचर मौजूदा Disappearing Messages से अलग माना जा रहा है और इससे निजी चैट्स पहले से ज्यादा सुरक्षित हो सकती हैं।