दय्यान खान
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के Medanta Hospital में भर्ती कराया गया। शुक्रवार शाम उनकी हालत बिगड़ी थी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। अब खबर है कि योगी आदित्यनाथ उनसे मिलने मेदांता अस्पताल जा सकते हैं। इसके अलावा सीएम योगी बीजेपी नेता और पूर्व मंत्री अनुपमा जायसवाल का भी हालचाल लेंगे। वहीं नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया के जरिए अजय राय के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
अस्पताल का मेडिकल बुलेटिन क्या कहता है?
मेदांता अस्पताल द्वारा जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, अजय राय को शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे इमरजेंसी में लाया गया था। उस समय वह बेहोशी की हालत में थे और उन्हें दौरा पड़ा था। शुरुआती जांच में उनके शरीर में सोडियम की कमी (हाइपोनेट्रेमिया) पाई गई, जो उनकी हालत बिगड़ने की मुख्य वजह मानी जा रही है।
आईसीयू में इलाज, हालत में सुधार
फिलहाल अजय राय को आईसीयू में भर्ती किया गया है, जहां क्रिटिकल केयर स्पेशलिस्ट डॉ. दिलीप और उनकी टीम की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, इलाज के बाद उनके सोडियम स्तर को नियंत्रित कर लिया गया है और उनकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है। वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं और स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
परिवार और पार्टी नेताओं ने दी जानकारी
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने बताया कि शरीर में सोडियम का स्तर कम होने के कारण अजय राय की तबीयत बिगड़ी। वह पूरे दिन पार्टी कार्यक्रमों में व्यस्त रहे थे और एयरपोर्ट भी गए थे, जिसके बाद शाम को अपने आवास पर बेहोश हो गए। वहीं कांग्रेस के यूपी प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि अब उनकी हालत स्थिर है और वह खुद भी लखनऊ पहुंच रहे हैं। अजय राय की पत्नी रीना राय ने वाराणसी में कहा कि “बाबा विश्वनाथ की कृपा से उनकी तबीयत में काफी सुधार है और वह पहले से बेहतर हैं।”
