बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी जल्द ही पटना के 39 हार्डिंग रोड स्थित नए सरकारी आवास में शिफ्ट होने वाली हैं। शिफ्टिंग से पहले यह बंगला एक अनोखी वजह से चर्चा में आ गया है। जानकारी के अनुसार, इस सरकारी आवास के परिसर में वर्षों पुरानी एक मजार मौजूद है, जो आज भी अपनी मूल जगह पर कायम है। खास बात यह है कि इस बंगले में पहले कई मंत्री और वरिष्ठ नेता रह चुके हैं, लेकिन किसी ने भी इस मजार को हटाने की कोशिश नहीं की। फिलहाल बंगले में बड़े स्तर पर मरम्मत, सौंदर्यीकरण और विशेष तैयारियों का काम जारी है।


पटना के 39 हार्डिंग रोड स्थित सरकारी बंगले में जल्द ही राबड़ी देवी शिफ्ट होंगी। यह बंगला पहले कई मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं का सरकारी आवास रह चुका है। खास बात यह है कि बंगले के अंदर एक पुरानी मजार स्थित है, जो वर्षों से अपनी जगह पर कायम है।


जानकारी के मुताबिक, इस बंगले में पहले भाजपा नेता और पूर्व मंत्री रामसूरत राय समेत कई अन्य मंत्री रह चुके हैं, लेकिन किसी ने भी मजार को हटाने का प्रयास नहीं किया। फिलहाल बंगले को नए सिरे से तैयार किया जा रहा है और लगभग 50 से अधिक मजदूर दिन-रात मरम्मत कार्य में लगे हुए हैं।


राबड़ी देवी के पति और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की सेहत को ध्यान में रखते हुए ग्राउंड फ्लोर पर उनके लिए विशेष कमरा तैयार किया जा रहा है, ताकि उन्हें सीढ़ियां चढ़ने की जरूरत न पड़े।


आवास परिसर में बड़े गार्डन, हरियाली, फूल-पौधों और पालतू जानवरों के लिए पर्याप्त जगह की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा कर्मियों और स्टाफ के लिए भी अलग रहने और बैठने की सुविधा उपलब्ध है।


39 हार्डिंग रोड का यह बंगला बिहार सरकार के मंत्रियों को मिलने वाले सबसे बड़े सरकारी आवासों में गिना जाता है। फिलहाल पूरे परिसर में पेंटिंग, फिनिशिंग, नए मार्बल और अन्य निर्माण कार्य तेजी से जारी हैं, ताकि आवास को आधुनिक रूप दिया जा सके।