स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना एक बार फिर अपने चर्चित शो इंडियाज गॉट लेटेंट के दूसरे सीजन को लेकर सुर्खियों में हैं। नए सीजन का पहला एपिसोड रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी क्लिप्स तेजी से वायरल होने लगीं। इसी बीच एक वायरल पोस्ट ने लोगों के बीच नई चर्चा छेड़ दी है। पोस्ट में दावा किया गया है कि समय रैना ने इस शो के जरिए नेटफ्लिक्स, यूट्यूब और ब्रांड पार्टनरशिप्स से करोड़ों रुपये की कमाई की है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
नेटफ्लिक्स डील को लेकर वायरल हुआ दावा
इस चर्चा को उस समय और बल मिला जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर परितोष शर्मा नाम के एक यूजर ने एक पोस्ट शेयर की। पोस्ट में उन्होंने अनुमान लगाया कि इंडियाज गॉट लेटेंट के जरिए समय रैना की कमाई कितनी हो सकती है।
यूजर ने इसे समय रैना के करियर का सबसे बड़ा मोमेंट बताते हुए दावा किया कि उन्हें इस शो के लिए नेटफ्लिक्स से करीब 15 से 20 करोड़ रुपये मिल सकते हैं। हालांकि, यह सिर्फ एक अनुमान है और इसे लेकर नेटफ्लिक्स या समय रैना की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
यूट्यूब व्यूज और ब्रांड डील्स से भी करोड़ों की कमाई का अनुमान
वायरल पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि शो के पहले दिन कथित तौर पर 2.5 करोड़ (25 मिलियन) यूट्यूब व्यूज मिलने से केवल एडसेंस के जरिए ही लगभग 40 से 50 लाख रुपये की कमाई हो सकती है।
इसके अलावा पोस्ट में शो के दौरान दिखाई देने वाले ब्रांड इंटीग्रेशन का भी जिक्र किया गया। इसमें AI, Nova, Flipkart Minutes और Avatar जैसे ब्रांड्स के नाम शामिल किए गए। पोस्ट के अनुसार, यदि एक ब्रांड ने 2 से 3 करोड़ रुपये की स्पॉन्सरशिप डील की हो, तो इन साझेदारियों से कुल 8 से 12 करोड़ रुपये या उससे अधिक की कमाई संभव हो सकती है। हालांकि, इन सभी आंकड़ों की स्वतंत्र या आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस, सीजन 2 को मिल रहा शानदार रिस्पॉन्स
वायरल पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स की कमाई को लेकर बहस शुरू हो गई। कई यूजर्स का कहना है कि समय रैना की सफलता उनके लगातार पसंद किए जाने वाले कंटेंट का नतीजा है। कुछ लोगों ने लिखा कि वह अपने काम को पूरी ईमानदारी और जुनून के साथ करते हैं, जिसका फायदा उन्हें अब मिल रहा है।
वहीं, कई यूजर्स का मानना है कि आज के दौर में बड़े कंटेंट क्रिएटर्स सिर्फ यूट्यूब पर निर्भर नहीं रहते, बल्कि ओटीटी प्लेटफॉर्म, ब्रांड डील्स और स्पॉन्सरशिप के जरिए भी अच्छी कमाई करते हैं।
बता दें कि इंडियाज गॉट लेटेंट के दूसरे सीजन के पहले एपिसोड में आलिया भट्ट और शरवरी बतौर गेस्ट नजर आईं। शो के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। एपिसोड के दौरान समय रैना ने अपने अंदाज में आलिया भट्ट को रोस्ट भी किया, जिसकी क्लिप्स इंटरनेट पर खूब शेयर की जा रही हैं। फिलहाल शो नेटफ्लिक्स और यूट्यूब दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।

