पेपर लीक के विरोध में हो रहे छात्रों के प्रदर्शन पर भारतीय क्रिकेटरों की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। सचिन तेंदुलकर से लेकर शुभमन गिल, मोहम्मद कैफ, शिखर धवन और सुरेश रैना तक कई खिलाड़ियों ने इस मुद्दे पर अपनी राय रखी है।
Cricketer on Students Protest: शुभमन गिल से सचिन तेंदुलकर और सुरेश रैना तक, जानिए छात्र आंदोलन पर किस क्रिकेटर ने क्या कहा?Source : ABP news.com
'नीट' पेपर लीक के विरोध में देशभर में जारी छात्र आंदोलन पर गुरुवार को कई भारतीय क्रिकेटरों ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी। इस दौरान सचिन तेंदुलकर, शुभमन गिल, मोहम्मद कैफ, शिखर धवन और सुरेश रैना ने शिक्षा व्यवस्था, छात्रों की मेहनत और भविष्य को लेकर अपनी बात रखी। बता दें कि छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। वहीं, गुरुवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सरकार पेपर लीक मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शुभमन गिल
भारतीय वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, "एक युवा भारतीय के तौर पर मेरा मानना है कि हमारी पीढ़ी को सीखने, सपने देखने और उस भविष्य को बनाने का पूरा अवसर मिलना चाहिए जिसकी हम सभी कामना करते हैं। मैं हर उस युवा का सम्मान करता हूं जो शांति के साथ अपनी आवाज उठाने में विश्वास रखता है। शिक्षा हमारे देश का भविष्य तय करने की सबसे बड़ी ताकत है। मुझे उम्मीद है कि हम दया, आपसी सम्मान और हर छात्र के हित को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ेंगे। भारत के भविष्य के लिए।"
सचिन तेंदुलकर
सचिन तेंदुलकर ने लिखा, "मेरे पिता एक प्रोफेसर थे। उन्होंने कई युवा छात्रों का मार्गदर्शन किया। बचपन में उन्होंने मुझे एक बात सिखाई थी—असफल होना ठीक है, लेकिन चीटिंग करना नहीं। कभी भी शॉर्टकट का रास्ता मत अपनाओ। समाज के बड़े सदस्य होने के नाते हमारी जिम्मेदारी है कि हम ऐसी संस्कृति बनाएं जहां मेहनत को नतीजों से कम न आंका जाए। अगर समाज मेहनत से ज्यादा सिर्फ परिणामों को महत्व देगा तो लोग योग्यता की बजाय शॉर्टकट तलाशेंगे। जब छात्रों को यह महसूस होता है कि उनकी मेहनत का फल नहीं मिला तो उनका निराश होना स्वाभाविक है। हम सभी की जिम्मेदारी है कि उन्हें दोबारा ऐसा महसूस न होने दें।"
उन्होंने आगे लिखा, "युवा भारत सपनों और ऊर्जा से भरा हुआ है। वही हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं। माता-पिता, शिक्षक, दोस्त, रिश्तेदार, स्कूल और प्रशासन, सभी की जिम्मेदारी है कि ऐसा माहौल तैयार करें जहां कड़ी मेहनत का सम्मान हो, ईमानदारी को बढ़ावा मिले और काबिलियत की जीत हो। मुझे विश्वास है कि हम मिलकर ऐसा समाधान जरूर निकालेंगे जो हमारे बच्चों के भविष्य को मजबूत बनाएगा और उनकी उम्मीदों की रक्षा करेगा।"
मोहम्मद कैफ
पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने लिखा, "एक पिता होने के नाते शिक्षा व्यवस्था की कमियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ पुलिस की बदसलूकी देखकर मुझे दुख होता है। दिल्ली की सड़कों पर बच्चों पर लाठियां बरसाने का सिलसिला बंद होना चाहिए। मुझे उम्मीद है कि इस पूरे मामले का जल्द शांतिपूर्ण समाधान निकलेगा।"
शिखर धवन
पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने लिखा, "हमारे युवा ही हमारे देश का भविष्य हैं। उनके सपनों और चिंताओं को समझना जरूरी है, लेकिन कठिन समय में धैर्य बनाए रखना और देश की संस्थाओं तथा सरकार पर भरोसा रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। मेरा मानना है कि हर चुनौती का समाधान धैर्य और संवाद से निकलता है। भारत हमेशा आगे बढ़ा है और आगे भी बढ़ता रहेगा।"
सुरेश रैना
पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना ने लिखा, "हर चुनौती अपने साथ बेहतर समाधान खोजने का अवसर लेकर आती है। मुझे उम्मीद है कि मौजूदा स्थिति में शांतिपूर्ण और रचनात्मक बातचीत होगी तथा ऐसे सोच-समझकर फैसले लिए जाएंगे जो छात्रों, शैक्षणिक संस्थानों और पूरे देश के लिए नए अवसर पैदा करें और भविष्य को और मजबूत बनाएं।"
