साउथ इंडियन खाने का नाम सुनते ही लोगों के मन में सबसे पहले क्रिस्पी डोसा, मुलायम इडली और उनके साथ परोसी जाने वाली स्वादिष्ट नारियल चटनी की तस्वीर उभर आती है। यही चटनी इन व्यंजनों के स्वाद को खास बनाती है और खाने का मजा कई गुना बढ़ा देती है। अक्सर लोग घर पर डोसा और इडली तो आसानी से बना लेते हैं, लेकिन रेस्टोरेंट या होटल जैसी सफेद, क्रीमी और स्वाद से भरपूर नारियल चटनी तैयार नहीं कर पाते। कई बार चटनी का स्वाद फीका रह जाता है तो कभी उसकी बनावट वैसी नहीं बन पाती जैसी बाहर खाने को मिलती है। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो अब परेशान होने की जरूरत नहीं है। आज हम आपको ऐसी आसान और परफेक्ट नारियल चटनी की रेसिपी बताने जा रहे हैं, जिसे सही सामग्री और खास तड़के की मदद से कुछ ही मिनटों में तैयार किया जा सकता है। राई, उड़द दाल और कढ़ी पत्ते का सुगंधित तड़का इस चटनी को बिल्कुल होटल जैसा स्वाद देगा और हर कोई इसकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाएगा।

नारियल चटनी बनाने के लिए जरूरी सामग्री

1 कप ताजा कद्दूकस किया हुआ नारियल

2 बड़े चम्मच भुनी हुई चना दाल (दलिया)

2 से 3 हरी मिर्च

आधा इंच अदरक का टुकड़ा

स्वादानुसार नमक

जरूरत के अनुसार पान

तड़के के लिए

1 बड़ा चम्मच तेल

1 छोटा चम्मच राई

आधा छोटा चम्मच उड़द दाल

1 से 2 सूखी लाल मिर्च

8 से 10 कढ़ी पत्ते

ऐसे तैयार करें चटनी

सबसे पहले मिक्सर जार में ताजा नारियल, भुनी हुई चना दाल, हरी मिर्च, अदरक और नमक डालें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए बारीक और स्मूद पेस्ट तैयार कर लें। ध्यान रखें कि चटनी न ज्यादा गाढ़ी हो और न ही बहुत पतली।

इसके बाद तैयार चटनी को एक बाउल में निकाल लें। अब एक छोटे पैन में तेल गर्म करें और उसमें राई डालें। राई चटकने लगे तो उड़द दाल, सूखी लाल मिर्च और कढ़ी पत्ते डालकर हल्का सुनहरा होने तक भूनें। तैयार तड़के को तुरंत चटनी के ऊपर डाल दें।

स्वाद बढ़ाने के लिए अपनाएं ये टिप्स

विशेषज्ञों के अनुसार ताजा नारियल का इस्तेमाल चटनी के स्वाद और बनावट को बेहतर बनाता है। वहीं भुनी हुई चना दाल चटनी को गाढ़ापन देने के साथ उसका स्वाद भी संतुलित करती है। यदि आप चटनी में हल्की खट्टास चाहते हैं तो इसमें थोड़ा दही या कुछ बूंदें नींबू के रस की भी मिला सकते हैं।

दक्षिण भारतीय व्यंजनों में तड़के की अहम भूमिका होती है। राई, उड़द दाल और कढ़ी पत्ते का मिश्रण चटनी को केवल सुगंध ही नहीं देता बल्कि उसका पारंपरिक स्वाद भी निखारता है। यही वजह है कि रेस्टोरेंट में मिलने वाली चटनी का फ्लेवर अलग महसूस होता है।

किन चीजों के साथ करें सर्व?

यह नारियल चटनी डोसा, इडली, मेदू वडा, उत्तपम और पोंगल जैसे व्यंजनों के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है। सुबह के नाश्ते से लेकर शाम के हल्के भोजन तक, यह चटनी हर साउथ इंडियन डिश का स्वाद दोगुना कर सकती है।

कुछ ही मिनटों में तैयार होने वाली यह आसान रेसिपी आपको घर बैठे रेस्टोरेंट जैसा स्वाद देने में मदद करेगी। अगर आप भी साउथ इंडियन खाने के शौकीन हैं तो इस रेसिपी को जरूर ट्राई करें।