tमुंबई: सोनी टीवी के लोकप्रिय सिंगिंग रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल सीजन 16’ को अपना नया विजेता मिल गया है। महीनों तक चले कड़े मुकाबले, शानदार प्रस्तुतियों और दर्शकों के वोटों के बाद ओडिशा की ज्योतिर्मयी नायक ने इस सीजन की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। ग्रैंड फिनाले में उन्होंने अंशिका चोनकर, मनराज वीर सिंह, मायसिमे बसु, सुहैल सूफी और तनिष्क शुक्ला जैसे फाइनलिस्ट्स को पीछे छोड़कर खिताब जीता।


विजेता बनने पर ज्योतिर्मयी को ट्रॉफी, ₹20 लाख की पुरस्कार राशि और सोनी टीवी की ओर से सिंगिंग कॉन्ट्रैक्ट दिया गया। इस कॉन्ट्रैक्ट के तहत उन्हें चैनल के म्यूजिक कॉन्सर्ट्स में परफॉर्म करने का अवसर मिलेगा।


फिनाले में छा गईं ज्योतिर्मयी की आवाज

‘यादों की प्लेलिस्ट’ थीम पर आयोजित ग्रैंड फिनाले में ज्योतिर्मयी ने ‘सैयां ओ सैयां’ गीत प्रस्तुत कर दर्शकों और जजों का दिल जीत लिया। उनकी परफॉर्मेंस को खूब सराहा गया और स्टेज पर मौजूद मेहमानों ने भी उनकी गायकी की जमकर तारीफ की।


पूरे सीजन के दौरान उन्होंने अपनी आवाज से कई दिग्गज कलाकारों को प्रभावित किया। शो में आईं अभिनेत्री हेमा मालिनी ने उनकी प्रस्तुति पर स्टैंडिंग ओवेशन दिया था। वहीं अभिनेत्री लीना चंदावरकर भी उनकी गायकी सुनकर भावुक हो गई थीं और उनसे दोबारा वही गीत सुनाने की इच्छा जताई थी।


कैंसर मरीजों को देती थीं म्यूजिक थेरेपी

ज्योतिर्मयी नायक की पहचान सिर्फ एक गायिका के रूप में नहीं, बल्कि समाजसेवा से जुड़े एक संवेदनशील चेहरे के रूप में भी रही है। इंडियन आइडल में आने से पहले वह कैंसर मरीजों के लिए म्यूजिक थेरेपी के तहत गीत गाती थीं। उनका मानना है कि संगीत लोगों को भावनात्मक ताकत देने का माध्यम बन सकता है।


जीत के बाद क्या बोलीं ज्योतिर्मयी?

ट्रॉफी जीतने के बाद ज्योतिर्मयी भावुक नजर आईं। उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ‘इंडियन आइडल 16’ का खिताब जीतना किसी सपने के सच होने जैसा है। उन्होंने कहा कि ऑडिशन से लेकर विनर बनने तक का यह सफर उनकी जिंदगी का सबसे यादगार अनुभव रहा। साथ ही उन्होंने अपने परिवार, समर्थकों और दर्शकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि आगे भी वह ऐसा संगीत बनाना चाहेंगी, जो लोगों के दिलों को छू सके।


सितारों से सजा रहा ग्रैंड फिनाले

‘इंडियन आइडल 16’ का ग्रैंड फिनाले कई मशहूर सितारों की मौजूदगी से और भी खास बन गया। शो के जज श्रेया घोषाल और बादशाह के अलावा उषा उत्थुप, उदित नारायण, पापोन, कुमार सानू, शहनाज़ गिल और उर्मिला मातोंडकर ने भी अपनी मौजूदगी से फिनाले की रौनक बढ़ाई।