फ्लाइट में तकनीकी खराबी और एविएशन सुरक्षा से जुड़े मामले। | Source: Chrome

फ्लाइट में तकनीकी खराबी और एविएशन सुरक्षा से जुड़े मामले।Source : Chrome

भारतीय एविएशन सेक्टर में पिछले कुछ दिनों में सामने आई अलग-अलग घटनाओं ने एयरलाइंस की तकनीकी तैयारियों, मेंटेनेंस और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं। कहीं उड़ान के दौरान इंजन में तकनीकी समस्या सामने आई, कहीं रनवे पर खराबी के कारण परिचालन रोकना पड़ा, तो कहीं विमान के AC ने यात्रियों को परेशान कर दिया। इसी बीच एयर इंडिया की एक फ्लाइट से जुड़ी पायलट की जांच और जेवर एयरपोर्ट पर जलभराव की घटना भी चर्चा में है।

Indigo फ्लाइट के इंजन में आई खराबी

कोलकाता से चेन्नई जा रही Indigo की फ्लाइट 6E-723 में लैंडिंग से कुछ समय पहले बाएं इंजन से जुड़ी तकनीकी समस्या सामने आई। विमान में 224 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे।पायलट की सूचना के बाद चेन्नई एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित की गई। विमान ने कुछ मिनट बाद सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्री तथा क्रू सुरक्षित रहे।

वाराणसी एयरपोर्ट पर करीब दो घंटे रुका ऑपरेशन

वाराणसी एयरपोर्ट पर रनवे से जुड़ी तकनीकी समस्या के कारण कुछ समय के लिए उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। करीब दो घंटे तक न तो विमानों की लैंडिंग हो सकी और न ही उड़ानें संचालित हुईं ।एयरपोर्ट अथॉरिटी के मुताबिक, तकनीकी समस्या का समय रहते पता चला और जरूरी जांच एवं मरम्मत के बाद रनवे को दोबारा ऑपरेशन के लिए उपलब्ध कराया गया।

SpiceJet के विमान में AC खराब, यात्रियों ने किया हंगामा

दिल्ली से पुणे जाने वाली SpiceJet की फ्लाइट में उड़ान से पहले AC से जुड़ी समस्या सामने आई। विमान के अंदर गर्मी बढ़ने से यात्रियों को परेशानी हुई और उन्होंने विरोध करना शुरू कर दिया।इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए, जिनमें यात्रियों को अपनी परेशानी जाहिर करते हुए देखा गया। बाद में एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताया और दूसरे विमान की व्यवस्था किए जाने की जानकारी दी।

Air India की फ्लाइट अचानक नीचे आई, जांच में पायलट भी जांच के घेरे में

फुकेत से दिल्ली आ रही Air India की फ्लाइट AI 2379 में उड़ान के दौरान विमान की ऊंचाई में अचानक बदलाव हुआ था। विमान में 137 लोग सवार थे और घटना में कई यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई।शुरुआत में इसे टर्बुलेंस से जोड़कर देखा गया था, लेकिन बाद में मामले की जांच Aircraft Accident Investigation Bureau यानी AAIB ने अपने हाथ में ली।जांच के दौरान फ्लाइट के पायलट-इन-कमांड के साइकोएक्टिव सब्सटेंस टेस्ट की रिपोर्ट भी चर्चा में आई। रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि शुरुआती टेस्ट के बाद दूसरे लैब टेस्ट में भी कथित तौर पर गांजा सेवन की पुष्टि हुई। हालांकि, इस पूरे मामले में अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

अचानक ऊंचाई कम होने पर को-पायलट ने संभाली कमान

विमान की ऊंचाई में अचानक बदलाव के दौरान को-पायलट ने स्थिति संभाली। उन्होंने विमान को स्थिर किया और दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग कराई।अब AAIB इस घटना के अलग-अलग पहलुओं की जांच कर रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि विमान की ऊंचाई में अचानक बदलाव की वास्तविक वजह क्या थी और पायलट की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण रही।

जेवर एयरपोर्ट पर भारी बारिश के बाद जलभराव

बारिश के कारण नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पार्किंग और टर्मिनल को जोड़ने वाले मार्ग पर भी कुछ समय के लिए पानी जमा हो गया। तेज बारिश के बाद हुए जलभराव का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसके बाद एयरपोर्ट की व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे।एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बताया कि कम समय में हुई अत्यधिक बारिश के कारण रास्ते पर पानी जमा हुआ था। जानकारी मिलते ही टीमों ने जल निकासी का काम शुरू किया और करीब 30 मिनट के भीतर स्थिति सामान्य कर दी गई।

लगातार घटनाओं से उठ रहे हैं सवाल

इन घटनाओं में से कई मामलों में किसी बड़े हादसे को समय रहते टाल दिया गया और यात्रियों की सुरक्षा बनी रही। लेकिन इंजन में खराबी, रनवे की तकनीकी समस्या, विमान के अंदर AC की दिक्कत और फ्लाइट ऑपरेशन से जुड़े दूसरे मामले एविएशन सेक्टर की तैयारियों और मेंटेनेंस व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े करते हैं।हालांकि, अलग-अलग घटनाओं को एक ही वजह से जोड़ना सही नहीं होगा। हर मामले की वास्तविक वजह संबंधित जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।