Shehzad Poonawalla:बीजेपी नेता शहजाद पूनावाला के X प्रोफाइल से पार्टी का नाम हटने के बाद उनके इस्तीफे की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, अब तक न तो शहजाद पूनावाला और न ही बीजेपी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि की गई है।
Shehzad Poonawalla: BJP छोड़ने की अटकलें क्यों तेज? X बायो बदलते ही बढ़ा सस्पेंस, इस्तीफे पर अभी तक चुप्पीSource : NBT.com
बीजेपी के लंबे समय तक राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे शहजाद पूनावाला को लेकर सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। X (पूर्व में ट्विटर) पर उनका प्रोफाइल बायो बदलने के बाद उनके बीजेपी छोड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। गौरतलब है कि शहजाद पूनावाला लंबे समय तक बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे हैं और विभिन्न मंचों पर पार्टी का पक्ष मजबूती से रखते हुए नजर आए हैं।
X बायो बदलने से बढ़ीं चर्चाएं
लंबे समय से बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे शहजाद पूनावाला के पार्टी छोड़ने की अटकलें उनके X प्रोफाइल में बदलाव के बाद तेज हो गई हैं। प्रोफाइल बायो बदले जाने के बाद से राजनीतिक हलकों में इस पर चर्चा बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को उन्होंने अपने X हैंडल का बायो अपडेट किया, जिसमें पार्टी का नाम हटा दिया गया। शहजाद ने अपने X और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के डिस्क्रिप्शन से भी "BJP" शब्द हटाकर उसकी जगह "भारतीय" लिखा है। हालांकि, उन्होंने अपने बायो में खुद को "Lifelong Follower of Narendra Modi" भी बताया है।
2021 में बीजेपी में हुए थे शामिल
शहजाद पूनावाला ने वर्ष 2021 में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। इसके बाद नवंबर 2021 में उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया गया। इससे पहले वह कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए थे। दिसंबर 2017 में उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी थी। उस समय कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ खुलकर आवाज उठाई थी और पार्टी में परिवारवाद का विरोध किया था।
बायो में क्या किया बदलाव?
शहजाद पूनावाला ने अपने अपडेटेड X बायो का स्क्रीनशॉट भी साझा किया। इसमें लिखा है, "धर्म: इस्लाम, संस्कृति: हिंदू, विचारधारा: भारतीय, लेखक: GST की यात्रा।" इसके अलावा उन्होंने खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आजीवन फॉलोवर भी बताया है। इसी बदलाव के बाद उनके भविष्य की राजनीतिक भूमिका को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
बीजेपी के मुखर प्रवक्ता रहे हैं शहजाद
शहजाद पूनावाला भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में कई टीवी डिबेट और सार्वजनिक मंचों पर पार्टी की नीतियों का मजबूती से बचाव करते रहे हैं। कई मौकों पर विपक्षी दलों के प्रवक्ताओं के साथ उनकी तीखी बहस भी देखने को मिली है। वह खुद को हिंदू संस्कृति का अनुयायी बताते हैं और अक्सर मंदिरों में पूजा-अर्चना करते भी नजर आते हैं। टीवी बहसों में वह पाकिस्तान और विपक्ष के खिलाफ भी आक्रामक रुख अपनाते रहे हैं। फिलहाल, उनके इस्तीफे को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच किसी भी तरह की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है, इसलिए स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार किया जा रहा है।
