1मुश्किल दौर से गुजर रहे बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता और कॉमेडियन राजपाल यादव की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। चेक बाउंस मामले में अदालत से सजा मिलने के बाद अब सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने उन पर बकाया 16 करोड़ रुपये से अधिक के कर्ज की वसूली के लिए सख्त कदम उठाया है। बैंक ने उनकी दो कीमती संपत्तियों को नीलाम करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए बाकायदा नोटिस जारी कर 9 सितंबर को नीलामी की तारीख तय की गई है।

2012 में लिया था लोन, ब्याज जुड़कर 16 करोड़ के पार पहुंचा आंकड़ा

यह पूरा विवाद साल 2012 में आई फिल्म ‘अता पता लापता’ से जुड़ा हुआ है, जिसके डायरेक्टर खुद राजपाल यादव ही थे। इस फिल्म को बनाने के लिए उन्होंने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से लोन लिया था, लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप साबित हुई। इसके बाद वे समय पर बैंक की किस्तों का भुगतान नहीं कर पाए और समय के साथ ब्याज जुड़ते-जुड़ते बकाया रकम 16 करोड़ रुपये से भी ज्यादा हो गई। लंबे इंतजार के बाद अब बैंक ने गिरवी रखी गई संपत्तियों को अपने कब्जे में लेकर उनकी नीलामी की कार्रवाई शुरू कर दी है।

शाहजहांपुर और मुंबई की दो प्राॉपर्टीज पर चलेगा हथौड़ा

बैंक जिन संपत्तियों की नीलामी करने जा रहा है, उनमें उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर स्थित कचहरी रोड की एक प्रॉपर्टी और मुंबई के पॉश इलाके बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में मौजूद दूसरी संपत्ति शामिल है। खबरों के मुताबिक, इन दोनों जमीनों और इमारतों की कुल अनुमानित कीमत करीब 3.19 करोड़ रुपये आंकी गई है। हालांकि, इस पूरे मामले पर राजपाल यादव के भाई श्रीपाल यादव का कहना है कि बैंक के साथ मामले को सुलझाने (सेटलमेंट) के लिए बातचीत अभी जारी है।

चेक बाउंस केस में पहले ही हो चुकी है जेल की सजा

इसी लोन से जुड़े चेक बाउंस के एक मामले में दिल्ली हाईकोर्ट राजपाल यादव को पहले ही दोषी करार दे चुका है। अदालत ने उन्हें 3 महीने की जेल की सजा सुनाने के साथ ही 1.05 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया था। वहीं, उनकी पत्नी राधा यादव पर भी 5.51 लाख रुपये का जुर्माना ठोका गया है। हालांकि, हाईकोर्ट ने फिलहाल इस सजा की तामील पर दो महीने के लिए रोक लगा रखी है। इस सब के बीच, अभिनेता के पास बॉलीवुड के कई बड़े प्रोजेक्ट्स हाथ में हैं, लेकिन कानूनी और वित्तीय संकट उनके लिए लगातार नई चुनौतियां खड़ा कर रहा है।