पटना के दीदारगंज में महुली रोड स्थित एक खाद्य तेल गोदाम में रविवार देर रात भीषण आग लग गई। इस घटना में 50 लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है और 22 दमकल की गाड़ियां पूरी रात आग बुझाने में जुटी रहीं। राजधानी के दीदारगंज थाना क्षेत्र के करमलीचक स्थित महुली रोड पर रविवार देर रात खाद्य तेल के एक गोदाम में भीषण आग लग गई। पटना के दीदारगंज में महुली रोड में आग

पटना के दीदारगंज में महुली रोड में आग

डालडा, रिफाइंड और सरसों तेल का था भंडारण

गोदाम में रखे डालडा, रिफाइंड और सरसों तेल में आग लगते ही लपटें तेजी से फैल गईं और कुछ ही देर में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस घटना में 50 लाख रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका है।

दमकल की 22 गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं

सूचना मिलते ही मौके पर करीब 22 दमकल की गाड़ियां पहुंचीं और पूरी रात आग बुझाने का अभियान चलता रहा। हालांकि सोमवार सुबह तक भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। मौके पर मौजूद पटना सिटी फायर स्टेशन के अधिकारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि तेल में लगी आग पर काबू पाने के लिए फोम कंपाउंड का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। राजधानी के विभिन्न फायर स्टेशनों से दमकल की अतिरिक्त गाड़ियां भी बुलाई गई हैं। उन्होंने आशंका जताई कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है।

घंटों बाद भी आग बुझाने का काम जारी

अधिकारियों ने बताया कि आग पूरी तरह बुझने के बाद ही घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी। जिस गोदाम में आग लगी, उसके पास स्थित ब्रेड फैक्ट्री को सुरक्षित कर लिया गया है ताकि आग वहां तक न पहुंचे। वेयरहाउस क्षेत्र होने के कारण इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। गोदाम में रखे वनस्पति तेल के फैल जाने से आसपास की सड़क पर फिसलन भी हो गई है। अग्निशमन विभाग की टीम लगातार आग पर काबू पाने में जुटी हुई है और अभियान अंतिम चरण में बताया जा रहा है।