हनुमान मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा महायज्ञ के अवसर पर निकली भव्य कलश शोभायात्राहनुमान मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा महायज्ञ के अवसर पर निकली भव्य कलश शोभायात्रा

डॉ. शोभित सुमन:

नरकटियागंज: पश्चिम चंपारण। केहूनिया रोअरी पंचायत के सिसवा फाल गांव में गुरुवार को हनुमान मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा महायज्ञ के अवसर पर निकली भव्य कलश शोभायात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। भीषण गर्मी के बावजूद हजारों श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था। 551 कुंवारी कन्याओं की कलश यात्रा आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।

शिव मंदिर के समीप नवनिर्मित हनुमान मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में आयोजित शोभायात्रा में सिर पर पवित्र कलश धारण किए 551 कन्याएं धर्मध्वजा के साथ आगे बढ़ीं। उनके पीछे हजारों श्रद्धालु 'जय श्रीराम', 'जय बजरंगबली' और 'हर-हर महादेव' के जयघोष करते हुए चल रहे थे। हाथी, घोड़े, ऊंट और पारंपरिक बाजे-गाजे से सुसज्जित यह शोभायात्रा पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के आकर्षण का केंद्र बनी रही।

शोभायात्रा सिसवा फाल से निकलकर मारवाड़ी नोनिया टोला घाट स्थित बलोर नदी पहुंची, जहां अयोध्या से पधारे विद्वान आचार्य पंडित सत्यम द्विवेदी, नथुनी द्विवेदी एवं तपन द्विवेदी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत जलबोझी संस्कार संपन्न कराया। इसके बाद श्रद्धालु पुनः मंदिर परिसर लौटे, जहां वैदिक रीति-रिवाज के साथ यज्ञ एवं प्राण-प्रतिष्ठा महाअनुष्ठान का शुभारंभ हुआ।

आयोजन समिति के अनुसार धार्मिक अनुष्ठान 25 जून से 27 जून तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम, पूजन, हवन एवं प्रवचन आयोजित किए जाएंगे।

इस आयोजन को सफल बनाने में नीलमणि तिवारी, चंद्रमणि तिवारी, राजेंद्र राम, दिनेश कुशवाहा, रूद्रमनी तिवारी सहित समस्त ग्रामवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। यजमान के रूप में राजेश्वर महतो, राम पीरित राम एवं बाजुकेश बाबा ने अनुष्ठान का नेतृत्व किया। वहीं समाजसेवी शशिकांत पांडे, अर्जुन राम, सुजीत कुमार, राजेंद्र पांडे, चंद्रभान ठाकुर, अर्जुन मिश्रा, कृष्णा मोहन मिश्रा समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।

श्रद्धा, सेवा और सामूहिक सहयोग का अद्भुत उदाहरण बना यह धार्मिक महोत्सव पूरे नरकटियागंज क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।