
Source : NDTV
बिहार में शराबबंदी कानून को धता बताने के लिए तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं, लेकिन मुजफ्फरपुर उत्पाद विभाग ने एक ऐसे गैंग का पर्दाफाश किया है जिसने पुलिस को चकमा देने के लिए नई नवेली दुल्हनों का सहारा लिया। हरियाणा से लग्जरी कार में विदेशी शराब की बड़ी खेप लेकर बिहार पहुंच रहे दो दंपतियों को रेवा पुल के पास गिरफ्तार किया गया है। कार से करीब पांच लाख रुपये की विदेशी शराब बरामद हुई है। अधिकारियों का मानना है कि यह मामला सिर्फ शराब की एक खेप तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके तार एक बड़े अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।
नई शादी की आड़ में रची गई तस्करी की साजिश
जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी हरियाणा के रोहतक जिले के रहने वाले हैं। इनमें दो नवविवाहित जोड़े शामिल हैं, जिन्होंने पुलिस की नजरों से बचने के लिए बेहद अलग तरीका अपनाया। तस्करों को भरोसा था कि लग्जरी कार में नई नवेली दुल्हनों के साथ यात्रा करने पर किसी को उन पर शक नहीं होगा। इसी योजना के तहत कार में भारी मात्रा में विदेशी शराब लादकर वे हरियाणा से बिहार के लिए निकले थे। उनका मकसद छपरा होते हुए मुजफ्फरपुर तक शराब की खेप पहुंचाना था, लेकिन रास्ते में ही उनकी पूरी योजना धरी की धरी रह गई।
मुखबिर की सूचना पर उत्पाद विभाग ने बिछाया जाल
उत्पाद विभाग को काफी समय से इस तरह की तस्करी की सूचना मिल रही थी। बताया जा रहा है कि कुछ महिलाएं अपने पतियों के साथ मिलकर शराब की खेप बिहार पहुंचाने का काम कर रही थीं। सूचना मिलने के बाद इंस्पेक्टर दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष निगरानी शुरू की गई और संदिग्ध वाहन पर नजर रखी गई। जैसे ही लग्जरी कार छपरा सीमा पार कर मुजफ्फरपुर के रेवा पुल के पास पहुंची, टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई, जिसके बाद चारों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद बड़े नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
उत्पाद विभाग ने बरामद शराब की कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में मुजफ्फरपुर जेल भेज दिया गया है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बिहार में इस शराब की खेप को कौन रिसीव करने वाला था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर स्थानीय शराब कारोबारियों और पूरे तस्करी नेटवर्क की पहचान की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस कार्रवाई से बिहार में सक्रिय अंतरराज्यीय शराब तस्करी के बड़े गिरोह का खुलासा हो सकता है।
