Source: Pinterest

Source: Pinterest

Muzaffarpur News: रविवार को मुजफ्फरपुर के लिए बड़ा दिन रहा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शहर पहुंचे और लोगों को कई बड़े प्रोजेक्ट्स की सौगात दी। उन्होंने सिकंदरपुर लेक फ्रंट पर बने बहुप्रतीक्षित मरीन ड्राइव का उद्घाटन किया, जिसका लोग लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। इसके साथ ही 1047 करोड़ रुपये की 982 विकास योजनाओं की भी शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री ने लेक फ्रंट का दौरा कर वहां तैयार की गई सुविधाओं का जायजा लिया। माना जा रहा है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद मुजफ्फरपुर की तस्वीर और रफ्तार दोनों बदल सकती हैं।

1047 करोड़ की 982 योजनाओं की शुरुआत

मरीन ड्राइव के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी MIT परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। यहां उन्होंने नगर विकास एवं आवास विभाग और बुडको की 1047 करोड़ रुपये की 982 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन योजनाओं में सड़क, नाले, पार्क, पानी निकासी और शहर की दूसरी जरूरी सुविधाओं से जुड़े कई काम शामिल हैं।

सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद मुजफ्फरपुर समेत कई शहरों में लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों के स्टॉल भी देखे और उनसे बातचीत की।

शहरों के विकास पर सरकार का जोर

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के विकास के लिए शहरों का आगे बढ़ना बहुत जरूरी है और सरकार इसी दिशा में काम कर रही है। उन्होंने बताया कि मुजफ्फरपुर में "तिरहुत" नाम से नया टाउनशिप बनाया जाएगा। इसके अलावा राज्य में 12 नए टाउनशिप बसाने की तैयारी चल रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुराने शहरों को बेहतर बनाने में समय लगता है, लेकिन सरकार सड़क, बिजली और दूसरी जरूरी सुविधाओं को मजबूत करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गांवों तक बिजली पहुंचाई, जबकि नीतीश कुमार के नेतृत्व में हर घर तक बिजली पहुंची। अब राज्य सरकार 1 करोड़ 70 लाख परिवारों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का मकसद हर जरूरतमंद तक योजनाओं का फायदा पहुंचाना है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचीं महिलाएं

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यक्रम में MIT मैदान में हजारों की संख्या में महिलाएं पहुंचीं। कार्यक्रम में महिलाओं की अच्छी मौजूदगी चर्चा का विषय रही। कई महिलाओं ने सरकार की योजनाओं की तारीफ की, वहीं कुछ ने महिलाओं की सुरक्षा और बढ़ते अपराध पर सख्त कार्रवाई की मांग भी की।

विपक्ष पर निशाना, अपराधियों को दी सख्त चेतावनी

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि विपक्ष बिहार में पैसों की कमी की बात करता है, जबकि सरकार लगातार लोगों के खातों में पेंशन और दूसरी योजनाओं का पैसा भेज रही है। उन्होंने बताया कि मुजफ्फरपुर में नया टाउनशिप और एयरपोर्ट बनाया जाएगा, जबकि नए एक्सप्रेसवे और रैपिड रेल परियोजना से पटना और मुजफ्फरपुर के बीच सफर आसान होगा। मुख्यमंत्री ने महिलाओं के लिए रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कामों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार अपराध, भ्रष्टाचार और साइबर अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।