erer | Source: ereछपरा: बिहार के सारण जिले के लोगों के लिए गुरुवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सारण प्रवास के दौरान एक ऐतिहासिक घोषणा करते हुए कहा कि अब जिले के मांझी से ताजपुर तक शानदार मरीन ड्राइव का निर्माण किया जाएगा। घाघरा नदी के किनारे बनने वाले इस रिवरफ्रंट और हाईवे की लंबाई करीब 10 से 12 किलोमीटर के बीच होगी, जिससे पूरे इलाके की कनेक्टिविटी और पर्यटन को नए पंख लगेंगे।

राघोपुर से आमी मंदिर वाली सड़क भी जुड़ेगी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्थानीय लोगों की मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि राघोपुर से आमी मंदिर तक मरीन ड्राइव की तर्ज पर बनाई गई सड़क को भी मांझी से ताजपुर तक जोड़ने पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। इसके साथ ही, बाढ़ और डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए सीएम ने मांझी में 24 घंटे एसडीआरएफ (SDRF) की टीम तैनात रखने के आदेश दिए हैं।

सरयू तट पर अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने मांझी में रामघाट, अटल द्वार और छठ घाट का लोकार्पण किया। इसके अलावा उन्होंने सरयू नदी के तट पर पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण भी किया। सीएम ने कहा कि मांझी से अटल जी का गहरा नाता रहा है और यहीं उनकी अस्थियों का विसर्जन हुआ था। अब राज्य सरकार हर साल उनकी जयंती और पुण्यतिथि पर यहां भव्य कार्यक्रम आयोजित करेगी।

विपक्ष पर साधा निशाना, बोले- 'अटल जी के दिए 4000 करोड़ खर्च नहीं हुए' इस मौके पर सम्राट चौधरी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए 2001-2002 के दौर को याद किया। उन्होंने कहा:

  • ‘जब बिहार का बंटवारा हुआ था, तब तत्कालीन मुख्यमंत्री के आग्रह पर अटल बिहारी वाजपेयी ने बिहार को 4000 करोड़ रुपये दिए थे, जबकि उस समय राज्य का कुल बजट ही 6000 करोड़ रुपये था।’
  • ‘अफसोस की बात यह है कि 2005 तक उस राशि से एक रुपया भी खर्च नहीं किया गया। जब नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने, तब जाकर अटल जी द्वारा दिए गए पैसों का सही उपयोग शुरू हुआ।’

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री स्वर्गीय दलन सिंह उच्च विद्यालय भी पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत दलन सिंह को श्रद्धांजलि दी और कायाकल्प अभियान के तहत स्कूल में बनी आधुनिक रोबोटिक्स, एस्ट्रोनॉमी और साइंस लैब का निरीक्षण किया।