मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई एक बार फिर आतंकी धमकियों के साये में है। गुरुवार सुबह आए एक रहस्यमयी ईमेल ने न सिर्फ आम लोगों की नींद उड़ा दी, बल्कि सुरक्षा एजेंसियों के भी पसीने छुड़ा दिए। इस ईमेल में सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा', छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मुंबई मेयर दफ्तर, कई बैंकों और अदालतों को सिलसिलेवार बम धमाकों से उड़ाने की चेतावनी दी गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस धमकी में मशहूर पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ को भी निशाना बनाने की बात कही गई है।
सुबह 10:52 बजे आया वो ईमेल, जिससे मच गया हड़कंप मिली जानकारी के मुताबिक, 12 नवंबर की सुबह ठीक 10:52 बजे 'reduak079@gmail.com' नाम की ईमेल आईडी से पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के मुंबई जोनल ऑफिस, कफ परेड और ज़वेरी बाज़ार शाखा के अधिकारियों समेत कई महत्वपूर्ण संस्थानों को यह धमकी भरा संदेश भेजा गया। ईमेल मिलते ही बैंक अधिकारियों से लेकर पुलिस प्रशासन तक में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDDS) और डॉग स्क्वायड की टीमें अलर्ट मोड पर आ गईं और सभी संदिग्ध ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।
'खालिस्तान नेशनल आर्मी' का नाम और धमाकों की तय टाइमिंग इस ईमेल ने सुरक्षा एजेंसियों को इसलिए भी हैरान कर दिया क्योंकि इसमें बाकायदा धमाकों का समय तक लिखा गया था। ईमेल के ऊपर "खालिस्तान नेशनल आर्मी" लिखा है, जिसमें इंजीनियर गुरानख सिंह, रुकन शाहवाला और डॉ. गुरनिर्वेर सिंह खान राजादा जैसे नामों का जिक्र है। संदेश में लिखी गई मुख्य धमकियां इस प्रकार हैं:
- अमिताभ बच्चन के घर पर हमला: बिग बी के जुहू स्थित बंगले 'जलसा' पर कार बम हमला करने की चेतावनी दी गई है।
- दिलजीत दोसांझ को धमकी: महालक्ष्मी रेसकोर्स/स्टेडियम में 'दलजीत बॉम्ब आईफोन धमाके' का जिक्र करते हुए सिंगर दिलजीत दोसांझ को निशाना बनाने की बात कही गई है। साथ ही आम लोगों को उनके आगामी शो में न जाने की हिदायत दी गई है।
- घड़ी की सुई के साथ धमाकों का अलर्ट: ईमेल में दोपहर 1:11 बजे PNB की एक शाखा, दोपहर 2:11 बजे एक अदालत, दोपहर 3:11 बजे मेयर ऑफिस और रात 9:11 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।
जांच में क्या निकला? पुलिस ने बढ़ाई चौकसी धमकी भरे ईमेल के निचले हिस्से में एक अजीब नोट भी जोड़ा गया है, जिसमें कॉर्पोरेट ईमेल डोमेन को 'pnb.co.in' से बदलकर 'pnbbank.in' किए जाने की बात लिखी गई है। फिलहाल पुलिस की साइबर सेल इस ईमेल के आईपी एड्रेस और भेजने वाले की असली पहचान का पता लगाने में जुटी है। राहत की बात यह है कि अब तक हुई सघन जांच और चेकिंग के दौरान किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
पिछले महीने भी निशाने पर थे बिग बी, बुलेटप्रूफ घेरे में दिखे थे गौरतलब है कि अमिताभ बच्चन को पहले भी इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। बीते अक्टूबर महीने में बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) के एक स्कूल को भेजे गए ईमेल में भी 'जलसा' को उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसी खतरे को देखते हुए बिग बी की सुरक्षा काफी कड़ी कर दी गई है। हाल ही में 1 नवंबर को जब अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन अपने घर के बाहर फैंस से मिलने आए थे, तब वे एक खास पारदर्शी सुरक्षा घेरे के अंदर खड़े नजर आए थे।
