erer | Source: ereनई दिल्ली/अल अमरात: अंडर-19 वनडे एशिया कप 2026 के खिताबी मुकाबले की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। गुरुवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय युवा ब्रिगेड ने अफगानिस्तान को 8 विकेट से एकतरफा अंदाज में रौंदकर फाइनल में धमाकेदार एंट्री मार ली है। इस जीत के साथ ही अब क्रिकेट फैंस को एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज महामुकाबला देखने को मिलेगा। भारत के पास अब ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान से मिली हार का बदला लेने का सुनहरा मौका है।

कब और कहां होगा भारत-पाकिस्तान का फाइनल? अंडर-19 एशिया कप 2026 का खिताबी मुकाबला शनिवार, 14 नवंबर को ओमान के अल अमरात क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार यह मैच सुबह 10:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस सुबह 10:00 बजे होगा। गौरतलब है कि इससे पहले पाकिस्तान ने पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 9 विकेट से हराकर फाइनल में जगह पक्की की थी। ग्रुप चरण में पाकिस्तान ने भारत को 3 विकेट से हराया था, ऐसे में भारतीय टीम फाइनल जीतकर ट्रॉफी के साथ-साथ पुरानी हार का हिसाब भी चुकता करना चाहेगी।

कप्तान लक्ष्य, आर्यवीर और विनीत के तूफान में उड़ा अफगानिस्तान अफगानिस्तान द्वारा दिए गए 228 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर ने तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 117 रनों की शानदार साझेदारी कर मैच को एकतरफा कर दिया।

  • कप्तान लक्ष्य की दमदार पारी: लक्ष्य महज 7 रनों से अपने शतक से चूक गए, लेकिन उन्होंने 90 गेंदों में 13 चौकों और एक छक्के की मदद से 93 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली।
  • आर्यवीर और विनीत का अर्धशतक: आर्यवीर ने 57 गेंदों में 4 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 51 रन बनाए। इसके बाद वीके विनीत ने मोर्चा संभाला और 62 गेंदों में नाबाद 57 रन (5 चौके, 1 छक्का) बनाकर टीम को जीत की दहलीज पार कराई। यशबर्धन चौहान 16 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत ने महज 36.5 ओवर में 2 विकेट खोकर 230 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

ईशान सूद की घातक गेंदबाजी, 227 पर सिमटी अफगान पारी इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और उसके ओपनर्स जल्दी पवेलियन लौट गए। हालांकि, मध्यक्रम में विकेटकीपर नोमान सालारजई (51 रन) और शाह फैसल रहीम (51 रन) ने अर्धशतकीय पारियां खेलकर टीम को संभाला। अंत में कप्तान सोहेल खान ने नाबाद 36 रन बनाकर टीम का स्कोर 50 ओवर में 8 विकेट पर 227 रनों तक पहुंचाया। भारत की ओर से ईशान सूद सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 9 ओवर में 43 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके। वहीं, आर्यन सवसानी ने 2 विकेट लिए, जबकि काव्य पटेल, यशबर्धन चौहान और अर्जुन राजपूत के खाते में 1-1 सफलता आई।