भोपाल: बॉलीवुड अभिनेत्री और पटौदी खानदान की बहू करीना कपूर खान एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गई हैं। हाल ही में दीपावली के अवसर पर शेयर की गई उनकी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें उनके द्वारा पहना गया एक खानदानी पेंडेंट चर्चा का विषय बन गया है। इस पेंडेंट को लेकर भोपाल में तीखा विरोध शुरू हो गया है और कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता व सामाजिक कार्यकर्ता अब्बास हफीज ने करीना कपूर को कानूनी नोटिस भेजकर तस्वीरें हटाने और माफी मांगने की मांग की है।
पेंडेंट पर लिखी है पवित्र 'आयत-उल-कुर्सी' मामले की जानकारी देते हुए अब्बास हफीज ने बताया कि करीना कपूर ने दीपावली लुक के दौरान भोपाल के शाही परिवार के ऐतिहासिक आभूषण पहने थे। इनमें करीब 200 साल पुराना 30 कैरेट का पन्ना (पेंडेंट) भी शामिल है, जिस पर इस्लाम के सबसे पवित्र ग्रंथ कुरान की आयत यानी 'आयत-उल-कुर्सी' उकेरी गई है। यह पेंडेंट भोपाल रियासत की शाही बेगमों की विरासत और उनकी गहरी आस्था का प्रतीक रहा है।
‘यह फैशन स्टेटमेंट नहीं, हमारी आस्था का विषय है’- अब्बास हफीज एजेंसी (ANI) से बात करते हुए अब्बास हफीज ने कहा कि भोपाल की शाही बेगमों ने कभी भी इस पेंडेंट का इस तरह खुलेआम दिखावा नहीं किया। उन्होंने हमेशा इसे अपनी आस्था और पवित्रता से जोड़कर रखा। अब्बास ने कहा:
- ‘कुरान की आयत को छूने और पढ़ने की हमारी बहुत सी धार्मिक मर्यादाएं होती हैं। करीना कपूर ने इसे फैशन स्टेटमेंट बनाकर पहना है और फ्लॉन्ट किया है, जो कि पूरी तरह अनुचित है।’
- ‘यह मामला किसी व्यक्तिगत विवाद का नहीं, बल्कि हमारी इस्लामिक आस्था का है। इस तरह के पवित्र आभूषणों का प्रदर्शन मुस्लिम समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाला है।’
माफी मांगने और तस्वीरें डिलीट करने की मांग शिकायतकर्ता ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने यह डिमांड नोटिस अपनी निजी क्षमता और सामाजिक कार्यकर्ता के तौर पर भेजा है, इसका कांग्रेस पार्टी या किसी राजनीतिक विचारधारा से कोई लेना-देना नहीं है। नोटिस में मांग की गई है कि करीना कपूर तुरंत सोशल मीडिया से वे तस्वीरें डिलीट करें और अपनी गलती पर खेद प्रकट करें। उन्होंने चेताया है कि यदि तस्वीरें नहीं हटाई गईं, तो उनके वकील इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करेंगे।
