Source: Pinterest


Source: News 18 News

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी थाना इलाके में एक शादीशुदा महिला की संदिग्ध मौत अब गंभीर जांच का विषय बन गई है। मौत के बाद उसके परिवार वालों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया और शव को कब्रिस्तान में दफना दिया। हालांकि, कुछ दिनों बाद मृतका के माता-पिता ने उसके पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को कब्र से निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए SKMCH भेज दिया। पुलिस का अब कहना है कि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि महिला की मौत किन हालातों में हुई, और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शादी के 10 साल बाद सामने आया मामला

यह घटना मुजफ्फरपुर के कुढ़नी थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर गांव की है। मृतका नजराना खातून की शादी 2016 में मोहम्मद रिजवान से हुई थी। उनके तीन छोटे बच्चे हैं। महिला के पिता पीर मोहम्मद का कहना है कि दामाद को नशा और जुआ खेलने की लत थी। इसी वजह से घर में अक्सर झगड़ा होता रहता था। उनका आरोप है कि 2 जुलाई की रात उनकी बेटी की गला दबाकर कर दी गई। इसके बाद मामले को छिपाने के लिए जल्दबाजी में शव को कब्रिस्तान में दफना दिया गया।

पिता ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

महिला के पिता ने 6 जुलाई को कुढ़नी थाने में शिकायत दर्ज कोई । उनका कहना है कि बेटी को दफनाने के वक़्त बच्चों के भविष्य का हवाला देकर उन पर समझौता करने का दबाव बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनसे कुछ कागजों पर हस्ताक्षर भी करा लिए गए। समझौते में बच्चों के नाम कुछ पैसे जमा कराने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में ससुराल पक्ष ने अपनी बात नहीं मानी। इसके बाद उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

शिकायत मिलने के बाद प्रशासनिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से शव निकाला गया और उसे एसकेएमसीएच (SKMCH)में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस का कहना है कि अभी जांच जारी है और किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ होगा कि महिला की मौत किन कारणों से हुई। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।