महाराष्ट्र के परभणी जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां निर्माणाधीन मारुति (हनुमान) मंदिर का भारी स्लैब अचानक गिरने से कई श्रद्धालु मलबे के नीचे दब गए। हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।


यशवंतवाड़ी देवस्थान में हुआ बड़ा हादसा

यह हादसा परभणी जिले के मानवट तहसील स्थित प्रसिद्ध यशवंतवाड़ी देवस्थान में हुआ। मंदिर परिसर में निर्माण कार्य चल रहा था। शनिवार होने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान निर्माणाधीन सभामंडप का स्लैब अचानक भरभराकर गिर गया।


20 से 25 लोग मलबे में दबे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 15 फीट लंबा और 15 फीट चौड़ा स्लैब अचानक गिर पड़ा। हादसे के समय वहां मौजूद श्रद्धालु इसकी चपेट में आ गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक 20 से 25 लोग मलबे में दब गए थे। स्थानीय लोगों और प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।


4 लोगों की मौत, कई घायल

हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


पीएम मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि परभणी में हुई इस घटना से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।


निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठे सवाल

घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। बताया जा रहा है कि मंदिर परिसर में सभामंडप का निर्माण बाहरी ठेकेदारों द्वारा किया जा रहा था। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं और स्लैब गिरने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


विधायक ने क्या कहा?

स्थानीय विधायक राजेश विटेकर ने बताया कि यह परभणी जिले का प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है, जहां हर शनिवार हजारों श्रद्धालु आते हैं। उन्होंने आशंका जताई कि निर्माण कार्य के दौरान तकनीकी खामी या खंभों को सही तरीके से लॉक न किए जाने के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है।