कंगना रनौत का पोस्ट वायरल (Photo: ITG)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर अमर्यादित टिप्पणी करने वाली एक नाबालिग लड़की के माफी मांगने के बाद भी यह विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब इस पूरे मामले पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर अपनी राय जाहिर की है। उन्होंने युवाओं की राजनीतिक समझ, मां-बाप की जिम्मेदारी और समाज की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए। कंगना ने कहा कि आज के बच्चों को भटकाने वाली विचारधाराओं से बचाना बेहद जरूरी है। अपनी पोस्ट में उन्होंने हिंदू लड़कियों का जिक्र करते हुए एक और तीखी टिप्पणी कर दी, जिससे नया विवाद खड़ा हो गया है। वहीं दूसरी तरफ, CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग दोहराई है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस पूरे घटनाक्रम पर अपनी बात रखी है।
किशोरी के माफी वाले वीडियो पर कंगना ने जाहिर की चिंता
कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर माफी मांगती हुई उस लड़की का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा कि वह लड़की खुद इस बात को कबूल कर रही है कि उसने इससे पहले कभी पीएम मोदी के खिलाफ कुछ नहीं लिखा या बोला था। लेकिन उस दिन उसके कुछ दोस्तों ने उसे प्रदर्शन में ले जाकर भड़काया और आपत्तिजनक बातें कहने के लिए उकसाया। कंगना ने माता-पिता से खास अपील करते हुए कहा कि हमें अपने बच्चों को ऐसे गलत रास्तों और विचारधाराओं से दूर रखने की जरूरत है जो उनका भविष्य खराब करती हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि समाज को अपने बच्चों की सोच और उनके कल को लेकर और ज्यादा सतर्क होना पड़ेगा।

हिंदू लड़कियों को लेकर कही बात, सोशल मीडिया पर छिड़ गई जंग
अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कंगना ने लिखा कि पूरे प्रदर्शन के दौरान उन्हें स्कार्फ या बुर्का पहनने वाली एक भी लड़की इस तरह की हरकत करते नहीं दिखी, जबकि हिंदू घरों की बेटियां बहुत आसानी से दूसरों की बातों में आकर बहक रही हैं। उन्होंने इसे पूरे समाज के लिए सोचने वाला विषय बताते हुए कहा कि हमें अपनी बेटियों की सुरक्षा और उन्हें सही संस्कार देने पर गंभीरता से ध्यान देना होगा। कंगना के इस बयान के सामने आते ही इंटरनेट पर बहस छिड़ गई। जहां कुछ लोग उनके समर्थन में आए, वहीं कई यूजर्स ने उनके इस बयान पर कड़ा ऐतराज जताया।
अभिजीत दिपके ने दी चेतावनी, पीएम मोदी बोले- बच्चों को सजा नहीं, सही रास्ता दिखाएं
इस पूरे घटनाक्रम के बीच नोएडा पुलिस द्वारा छात्रों पर दर्ज की गई एफआईआर (FIR) पर प्रतिक्रिया देते हुए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने दोटूक कहा कि अगर छात्रों पर दर्ज केस तुरंत वापस नहीं लिए गए, तो वे फिर से सड़कों पर उतरेंगे और इस बार का आंदोलन पहले से भी ज्यादा बड़ा होगा।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस विवाद पर अपनी संवेदनशील सोच रखते हुए कहा कि बच्चों से अगर कोई भूल हो जाए, तो सिर्फ उन्हें सजा देना ही हल नहीं है, बल्कि उन्हें सही रास्ता दिखाना ज्यादा जरूरी है। पीएम मोदी ने लोगों से अपील की कि युवा पीढ़ी को माफ करके उन्हें बेहतर मार्गदर्शन दिया जाना चाहिए, क्योंकि यही बच्चे आगे चलकर देश का भविष्य बनेंगे।
