सुहैल खान, संवाददाता 

Edited by- अरशी नाज़ 

Bihar News: जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में खनन टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक की गई। इसमें जिले की खनन गतिविधियों, राजस्व वसूली और अवैध खनन के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई।अवैध खनन के खिलाफ चलाए गए इस अभियान में 730 छापेमारी, 48 गिरफ्तारियाँ, 169 जप्ती और 44 प्राथमिकी दर्ज की गईं। इसके साथ-साथ ₹1.70 लाख की वसूली भी की गई।

बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए कैमूर जिले को ₹4500.55 लाख का लक्ष्य मिला है, जिसके सापेक्ष अब तक ₹2052.84 लाख यानी लगभग 45 प्रतिशत राजस्व की वसूली हो चुकी है। कुदरा स्ट्रेच-01 स्थित बालूघाट की नीलामी पूरी हो चुकी है और उसका संचालन जारी है।

ईंट भट्टों की समीक्षा में बताया गया कि जिले के 130 भट्टों में से 66 ने रॉयल्टी जमा की है, जिससे ₹67.09 लाख की वसूली हुई है। शेष भट्टों पर जांच व कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए।

जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को खनिज मद की कटौती समय पर जिला खनन कार्यालय में जमा करने, भंडारण अनुज्ञप्ति हेतु विशेष शिविर लगाने और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही खनिज विकास पदाधिकारी को शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित करने को भी कहा गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन के विरुद्ध ये अभियान आगे भी जारी रहेगा।