नाज़िम अली:
बेगूसराय: जन सुराज पार्टी का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के नेतृत्व में दुष्कर्म पीड़िता के गांव सिमरिया पहुंचे। बता दें कि बीते दिनों जिले में महिला के साथ गैंग रेप की वारदात हुई थी। महिला को 11 जून को बंधक बनाकर दुष्कर्म किया गया, इसका आरोप लगाते हुए पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में जन सुराज के नेताओं ने पीड़िता व उनके परिजनों से मामले की जानकारी ली। वहीं पार्टी के नेताओं ने आर्थिक सहायता भी की।
पीड़िता को अस्पताल से बिना इलाज भेजना प्रशासन-स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाह: मनोज भारती
इस दौरान मनोज भारती ने कहा कि घटना बहुत ही दुखद है, हम परिजनों से मिलने आए हैं। हमने पीड़िता व उनके पति से बात की है, दिल को दहलाने वाली बात निकलकर आई है। घटना हैवानियत की सीमा पार करने वाली है। पूरे प्रकरण में सरकार-सरकारी तंत्र की अराजकता, अनियमितता और अकर्मण्यता दिखती है। पहली बार जब इसी पीड़िता के साथ ये घटना मार्च में हुई तो पुलिस ने एफआईआर करने में तरह-तरह से परेशान किया, एफआईआर दो महीने बाद दर्ज किया गया, वहीं पुलिस ने अपने मन से जितने भी अपराधी थे उनको बेल दे दिया। जो उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। चूंकि उनके खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट किया था, फिर से उसी पीड़िता के साथ दुराचार किया। पुलिस एक बार फिर से पीड़िता की मदद करने में नाकाम रही। पुलिस को मामले में संज्ञान लेते हुए पीड़िता की मेडिकल जांच कराना चाहिए था, लेकिन पुलिस ने पीड़िता को सीधे अस्पताल भेजा। वे मूर्खों की तरह काम कर रहे हैं। वे अपनी जिम्मेदारी के बारे में नहीं जानते कि किस तरह से मदद करनी चाहिए? पीड़िता अस्पताल जाती है तो बिना अच्छे से इलाज किए कुछ दवाएं देकर भेज दिया जाता है। पूरी स्वास्थ्य व्यवस्था यह दिखता है कि वे भी उतने की लापरवाह हैं जितनी कानून व्यवस्था है। इससे ये पता चलता है आज जो सरकार बनी है उन्हें जनता के काम से कोई सरोकार नहीं है। मुरैठा बांध कर बड़े-बड़े वक्तव्य देते हैं, बल्कि ये नहीं जानते कि उनका प्रशासन कितना निकम्मा-नकारा है।
निर्भया की घटना से भी बड़ी घटना, दोषी को तुरंत गिरफ्तार कर स्पीडी ट्रायल चला फांसी दे, पीड़िता को 25 लाख मुआवजा दें: किशोर कुमार
वरिष्ठ नेता किशोर कुमार ने कहा कि महिला के साथ जो घटना घटी है वो पीड़ादायक-दुखद है। निर्भया की घटना से भी बड़ी ये घटना है। तीन महीने पहले दुष्कर्म हुआ, थाने में 5 बार जाने के बाद एफआईआर हुआ और अभियुक्त को तुरंत बेल मिल गया। अपराधी का दुस्साहस था कि दोबारा 5-5 लोगों ने कुकृत्य किया। प्रशासन-अस्पताल की लापरवाही के कारण पीड़िता की हालत काफी गंभीर है। हमने आज पीड़िता की स्थिति को देखा, यदि यही मजबूत घर की होती तो उनके साथ ऐसा नहीं होता। ये गरीब परिवार के साथ हुआ है। मैं मांग करता हूं कि सरकार दोषी को तुरंत गिरफ्तार करे, उनपर स्पीडी ट्रायल चला फांसी दे, पीड़िता को 25 लाख मुआवजा दे। ऐसी घटनाएं दोबारा न हो उसपर काम करे।
सरकार के मुखिया जिम्मेदारी लें, पीड़िता को मदद करें: आरएन सिंह
पार्टी के वरिष्ठ नेता आरएन सिंह ने कहा कि पुलिस ने समय पर एक्शन नहीं लिया, समय पर इलाज नहीं हुआ। बिहार की प्रशासनिक-स्वास्थ्य की व्यवस्था चरमराई हुई है। ऐसी घटनाएं पूरे बिहार में हो रही है, ये दिखाता है कि बिहार में चौपट व्यवस्था है। सरकार के मुखिया को जिम्मेदारी लेते हुए इस घटना पर पीड़िता को मदद करनी चाहिए, पीड़िता को रोजगार दिलाने के साथ 25 लाख रुपए मुआवजा मिलना चाहिए। पार्टी इस मुद्दे को यहीं नहीं छोड़ेगी। हम विपक्ष की भूमिका निभाते हुए मामले को जनता के बीच रखेगी। बता दें कि मौके पर प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, किशोर कुमार, आरएन सिंह, सरवर अली, डॉ रजनीश, गौतम, प्रमोद कुमार पाठक सहित अन्य थे।
