बारामूला में महिला से गैंगरेप के आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा

बारामूला में महिला से गैंगरेप के आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा

बारामूला: जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने एक 21 साल की युवती के साथ कथित तौर पर गैंगरेप करने, इस घिनौनी करतूत का वीडियो बनाने और बाद में ब्लैकमेल करने के आरोप में दो युवकों को सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस का दावा है कि शिकायत दर्ज होने के महज 48 घंटे के भीतर फॉरेंसिक साक्ष्यों और लोकल इनपुट (मानव खुफिया तंत्र) की मदद से दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया। फिलहाल मामले की गहन जांच चल रही है।

दोस्त के साथ घूमने निकली थी युवती, मारपीट कर दिया वारदात को अंजाम

पुलिस की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक, यह खौफनाक वारदात 3 जुलाई को बारामूला के जलशेरी-ड्रंगबल इलाके में अंजाम दी गई थी। पीड़िता अपने एक दोस्त के साथ वहां घूमने गई हुई थी। इसी दौरान दो मनचले युवक वहां आ धमके और दोनों को बेवजह परेशान करने लगे। आरोप है कि उन्होंने अपने मोबाइल से उनकी रिकॉर्डिंग शुरू कर दी और फिर युवती के साथी के साथ मारपीट कर उसे वहां से खदेड़ दिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने युवती के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। उन्होंने पूरी वारदात का वीडियो भी अपने फोन में कैद कर लिया और पुलिस में शिकायत करने पर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर वहां से रफूचक्कर हो गए।

वीडियो वायरल होने पर दर्ज कराई शिकायत, आरोपियों ने कबूला जुर्म

लगातार मिल रही धमकियों और डर के कारण पीड़िता शुरुआत में खामोश रही, लेकिन जब आरोपियों ने उस वीडियो को अन्य लोगों के बीच फैलाना शुरू कर दिया, तो पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर 25 जुलाई को बारामूला पुलिस स्टेशन में एफआईआर (FIR) दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी।

तफ्तीश के दौरान पुलिस ने तकनीकी मदद और अपने स्थानीय नेटवर्क के जरिए दोनों आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के नाम शाकिर अहमद लोन (22 वर्ष) और मोहम्मद अशरफ डार (27 वर्ष) हैं। ये दोनों पेशे से ड्राइवर हैं और बारामूला के जलशेरी इलाके के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं।

मोबाइल फोन बरामद, वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, कड़ाई से की गई पूछताछ में दोनों आरोपियों ने इस जुर्म में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। वारदात की वीडियो बनाने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए लैब भेज दिया गया है।

बारामूला पुलिस का कहना है कि अदालत में मजबूत चार्जशीट पेश करने के लिए मेडिकल, डिजिटल और अन्य वैज्ञानिक सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं। इसके साथ ही, पीड़िता की सुरक्षा और उसे हर संभव कानूनी व मानसिक मदद देने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष और तेज जांच कर दोषियों को कानून के तहत सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।