शेख अर्शी

ईशान किशन ने ही मैच बदल दिया। अगर ईशान किशन का बल्ला नहीं चलता तो टीम इंडिया को मुश्किल होती।"

पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने यह बात कहते हुए पाकिस्तान के खिलाफ भारत को मिली 61 रन की जीत का श्रेय ईशान किशन को दिया।

अहम मुकाबले में खेली गई ईशान किशन की 77 रन की पारी की तारीफ भारत ही नहीं, पाकिस्तान में भी हो रही है।

ईशान किशन की यह पारी इसलिए भी खास रही क्योंकि कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम की मुश्किल मानी जा रही पिच पर उनके अलावा मैच में कोई और बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा पाया।

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच के बाद कहा, "ईशान किशन ने आउट ऑफ द बॉक्स सोचा और जिस तरह से जिम्मेदारी संभाली, वह कमाल था।"

टी-20 वर्ल्ड कप के 27वें मुकाबले में भारतीय टीम टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने मैदान पर उतरी थी। लेकिन पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने पहले ओवर में ही अभिषेक शर्मा का विकेट ले लिया।

अभिषेक खाता भी नहीं खोल पाए और टीम इंडिया का स्कोर पहले ओवर के बाद एक विकेट के नुकसान पर एक रन था। पाकिस्तान की टीम यहां से दबाव बना पाती, इससे पहले ही ईशान किशन ने काउंटर अटैक शुरू कर दिया।

उन्होंने शाहीन अफरीदी के अगले ओवर में 15 रन बटोरकर दबाव उल्टा पाकिस्तान पर ही डाल दिया। इसके बाद ईशान ने रन बनाने का ऐसा सिलसिला शुरू किया कि उन्होंने पावरप्ले में ही टीम इंडिया के स्कोर को 50 के पार पहुंचा दिया।